ताजा खबरराष्ट्रीय

पाकिस्तान जाएंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर, SCO के CHG की बैठक में लेंगे हिस्सा, 9 साल बाद किसी भारतीय नेता का यह पहला दौरा

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर 15 और 16 अक्टूबर को पाकिस्तान की यात्रा पर जाएंगे। वे इस्लामाबाद में शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (SCO) के काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट (CHG) की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को जानकारी दी। बता दें, बीते 9 सालों से कोई भी भारतीय नेता पाकिस्तान नहीं गया है। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पाकिस्तान दौरा करने वाली आखिरी मंत्री थीं।

यात्रा का उद्देश्य क्या है

विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत-पाकिस्तान रिश्तों के सुधरने की गुंजाइशों के सवाल पर रणधीर जायसवाल ने साफ किया कि एस जयशंकर की यात्रा का उद्देश्य भारत की SCO चार्टर के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाना है। इसका कोई और मकसद नहीं है। पाकिस्तान ने 29 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मीटिंग के लिए न्योता भेजा था। इसकी जानकारी पाकिस्तान की विदेश विभाग की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने दी थी।

पाकिस्तानी दौरा करने वाली आखिरी मंत्री थीं सुषमा स्वराज

भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने दिसंबर 2015 में पाकिस्तान का दौरा किया था। वह पाकिस्तान का दौरा करने वाली आखिरी मंत्री थीं। उन्होंने यह दौरा पीएम मोदी के साल 2015 में लाहौर सरप्राइज विजिट के बाद किया था। इसके बाद से अब तक किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री या मंत्री ने पाकिस्तान की यात्रा नहीं की है। 2019 में जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था।

पिछले साल गोवा SCO बैठक में मिले थे दोनों देशों के विदेश मंत्री

पिछले साल 4 मई 2023 को गोवा में SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में एस जयशंकर और पाकिस्तान के तत्कालिन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के बीच मुलाकात हुई थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे का अभिवादन स्वीकर किया था।

मालदीव के राष्ट्रपति भी करेंगे भारत यात्रा

इसके अलावा मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू भी भारत की राजकीय यात्रा पर होंगे। मुइज्जू के भारत यात्रा के लिए 7 से 10 अक्टूबर 2024 प्रस्तावित है। इससे पहले वे जून 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने भारत आए थे। इसके अलावा, वो इस बार व्यापारिक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए बेंगलुरु और मुंबई भी जाएंगे।

ये भी पढ़ें- मंत्रालय की तीसरी मंजिल से कूदे महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर, सुरक्षा जाली पर अटके, धनगर समुदाय को ST आरक्षण में शामिल करने का विरोध

संबंधित खबरें...

Back to top button