देश के कई हिस्सों में भूकंप के झटके:डोडा में 4.6 तीव्रता, असम और म्यांमार में भी कंपन

रविवार सुबह देश के अलग-अलग हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए जिससे लोगों में हल्की दहशत फैल गई। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में तड़के तेज कंपन दर्ज किया गया वहीं असम और म्यांमार में भी धरती हिलने की खबर है।
डोडा में सुबह 4:32 बजे आया भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, डोडा में सुबह 04:32 बजे 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। भूकंप के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है और पुलिस व राहत टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़ें: इस्लामाबाद वार्ता बेनतीजा! जेडी वेंस बोले- हम बिना समझौते के लौट रहे
असम में भी महसूस हुए झटके
इसी दिन कछार जिले में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए। यहां रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.3 मापी गई और झटके लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज हुए। स्थानीय लोगों ने अचानक कंपन महसूस होने पर घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों का रुख किया।
म्यांमार में भी हिली धरती
म्यांमार में भी 4.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र जमीन से लगभग 140 किलोमीटर गहराई में था। विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह के भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स यानी हल्के झटकों की संभावना बनी रहती है।
महाराष्ट्र में एक दिन पहले आया था भूकंप
इससे एक दिन पहले महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका असर नांदेड़ और परभणी के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया गया। पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और सामुदायिक भवनों में दरारें आई हैं हालांकि यहां भी किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: ‘ईरान को हथियार दिए तो खैर नहीं…’ ट्रंप की चीन को कड़ी चेतावनी, क्या फिर भड़केगी जंग?
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील
भूकंप के बाद सभी प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर टीमों को अलर्ट कर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। अधिकारियों ने सलाह दी है कि किसी भी तरह के झटके महसूस होने पर तुरंत खुले स्थान पर जाएं और इमरजेंसी हेल्पलाइन पर संपर्क करें। साथ ही कमजोर संरचनाओं और छतों पर रखे भारी सामान को सुरक्षित करने की भी सलाह दी गई है।












