Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

डिंडौरी में बदल रहे थे टायर…तभी तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, 5 की दर्दनाक मौत; 10 फीट तक उछले लोग

डिंडौरी के किकरा तालाब के पास भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और एक घायल है। पंक्चर पिकअप के पास खड़े लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। प्रशासन ने मुआवजा घोषित किया है और मामले की जांच जारी है।
तभी तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, 5 की दर्दनाक मौत; 10 फीट तक उछले लोग
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। देर रात घर लौट रहे लोगों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत ने इस घटना को और भी भयावह बना दिया है।

    कहां और कैसे हुआ हादसा

    यह भीषण सड़क हादसा किकरा तालाब के पास, जबलपुर-अमरकंटक राजमार्ग पर देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, परसवाह, करबे मट्ठा और उफरी गांव के रहने वाले लोग सिलयारी गांव से एक कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया, जिसके बाद ड्राइवर ने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया।

    ड्राइवर टायर बदल रहा था, जबकि अन्य लोग सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी अमरकंटक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक कैप्सूल ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और वहां खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गया।

    यह भी पढ़ें: इंदौर में सिर कुचलकर युवक की बेरहमी से हत्या, सड़क किनारे मिला शव

    10 फीट तक हवा में उछले लोग

    हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही कुछ लोग करीब 10 फीट तक हवा में उछल गए। मौके पर ही पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान उदय प्रताप (20) के रूप में हुई है, जिसे तुरंत गाड़ासरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

    एक ही परिवार के कई लोगों की मौत

    इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे और अलग-अलग गांवों में रहते थे।

    हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, वे हैं-

    1. राजकरण वनवासी (35), निवासी परसवाह
    2. बिहारी (50), निवासी करबे मट्ठा
    3. बिहारी का 32 वर्षीय बेटा
    4. पवन मरावी (35), निवासी परसवाह
    5. बिसाहू धुर्वे (58), निवासी उफरी

    इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

    Featured News

    हादसे के बाद भी नहीं रुका ट्रक

    टक्कर मारने के बाद ट्रक रुका नहीं, बल्कि आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे बनी छोटी मढ़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को भी टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि वाहन करीब 300 से 350 मीटर दूर जाकर रुका। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने अन्य जानकारी के आधार पर चालक को गिरफ्तार करने की बात भी कही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

    पुलिस ने शुरू की जांच

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वाहिनी सिंह और कलेक्टर अंजू भदौरिया भी घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि, ट्रक चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह सड़क किनारे खड़े लोगों को देख नहीं पाया। हालांकि चालक का कहना है कि लोग सड़क के बीच में खड़े थे।

    यह भी पढ़ें: इंदौर में घर के बाहर खड़ी मर्सिडीज समेत तीन वाहन जलकर खाक

    मृतकों के परिजनों को मुआवजा

    प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

    • रेड क्रॉस सोसायटी से 50-50 हजार रुपए
    • संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपए की मदद

    इसके अलावा प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी कराई जा रही है।

    गांव में पसरा मातम, लोगों में आक्रोश

    इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि, हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना आम हो गया है, जिसके कारण इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts