जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

MP Politics : सिंधिया को टक्कर देंगे दिग्विजय, गुना में हो सकते हैं आमने-सामने; देखें VIDEO

भोपाल/सिवनी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि वे पार्टी के एक कार्यकर्ता हैं और उन्हें संगठन जो भी कार्य देगा, वह उसे करेंगे। दिग्विजय ने सिवनी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सवालों के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने संबंधी या अन्य दायित्व जो भी पार्टी उनसे कहेगी, वो वह सब करेंगे।

मेरी संसदीय सीट राजगढ़ है, गुना नहीं : दिग्विजय

गुना लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं अभी राज्यसभा सदस्य हूं। इसलिए चुनाव लड़ने की कोई जरूरत नहीं, लेकिन मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं, सिपाही हूं। पार्टी जो कहेगी, मैं करूंगा। मेरी संसदीय सीट राजगढ़ है, गुना नहीं। पिछली बार मुझे भोपाल से चुनाव लड़ने को कहा गया था। इसलिए भोपाल से चुनाव लड़ा था।

मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है : दिग्विजय

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे संगठन के निर्देश पर ही सिवनी जिले के दौरे पर आए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनका सनातन धर्म, हिंदू संस्कृति और परंपरा पर अटूट विश्वास है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने राज्य की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद जब कांग्रेस सत्ता में आएगी, तो किसानों के कर्ज माफ करने के साथ ही उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

आदिवासियों की शुभचिंतक कांग्रेस ही है : दिग्विजय

दिग्विजय सिंह ने कहा कि राज्य में पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देने की व्यवस्था प्रारंभ की थी। इसे कांग्रेस सत्ता में आकर फिर से लागू करेगी। वर्तमान में बिजली के अंधाधुंध बिल वसूले जा रहे हैं। इसी तरह नारी सम्मान योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह डेढ़ हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे और रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा।

पूर्व सीएम ने राज्य में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ग की शुभचिंतक कांग्रेस ही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य में अमूमन मतदाता कांग्रेस या भाजपा को ही वोट देते हैं। यदि कोई क्षेत्रीय दल सक्रिय होते हैं, तो वे सिर्फ वोट काटने का ही काम करते हैं।

ये भी पढ़ें: MP Politics : चुनावी साल में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश सखवार ने ली भाजपा की सदस्यता

संबंधित खबरें...

Back to top button