बॉलीवुडमनोरंजन

दादामुनि की बर्थ एनिवर्सरी: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के पहले सुपरस्टार थे अशोक कुमार, उनकी फिल्म के इस गाने से डर गए थे अंग्रेज

मुंबई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के पहले सुपरस्टार अशोक कुमार आज भले ही हमारे बीच नहीं है। लेकिन उनकी फिल्में, उनकी अदाकारी आज भी लोगों के जहन में जिंदा है। एक वक्त ऐसा था जब इस सुपरस्टार का स्टाइल और डायलॉग लोगों की जुबान पर हुआ करत थे। लड़कियां उनकी एक झलक पाने को तरसा करती थीं। आलम ये था कि सिर्फ हिन्दुस्तानी ही नहीं, बल्कि अंग्रेज भी उनकी फिल्मों को चाव से देखा करते थे। वहीं सदाबहार एक्टर अशोक कुमार ने पहली बार हीरो की परंपरागत शैली को तोड़ा और फिल्म ‘किस्मत’ में एंटी हीरो की भूमिका निभाई।

फिल्मों में आने के बाद बदला नाम

अशोक कुमार का जन्म 13 अक्टूबर 1911 को भागलपुर बिहार में हुआ था। उनके माता पिता ने उनका नाम ‘कुमुदलाल गांगुली’ रखा था और फिल्म इंडस्ट्री में प्यार से लोग इन्हें दादामुनि (बड़ा भाई)’ भी कहते थे। लेकिन फिल्मों में आने के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर अशोक कुमार कर लिया था। अशोक के पिता कुंजीलाल गांगुली एक वकील थे, जबकि उनकी मां एक गृहिणी थीं। अशोक ने अनजाने में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था, जहां उनके टैलेंट ने उन्हें भारतीय सिनेमा का पहला सुपरस्टार तक बना दिया था।

फेल होकर पिता से छिपने मुंबई आए थे अशोक कुमार

अशोक कुमार के पिता कुंजीलाल उन्हें अपनी ही तरह एक वकील बनाना चाहते थे। वकालत करने के लिए कुंजीलाल ने अशोक के एडमिशन के लिए आवेदन दिया था, हालांकि जब एग्जाम हुए तो अशोक फेल हो गए। पिता के डर से अशोक अगले एग्जाम तक छिपने के लिए अपनी बहन सती देवी के घर, मुंबई चले गए। सती देवी के पति शशाधर मुखर्जी बॉम्बे टॉकीज में एक बड़े पद में थे। अशोक ने खर्च चलाने के लिए शशाधर से उनकी बॉम्बे टॉकीज में नौकरी लगवाने की गुजारिश की जिसके बाद उन्हें बॉम्बे टॉकीज के लैबोरेटरी असिस्टेंट के पद पर नौकरी मिल गई।

फिल्म के गाने में मचाया हंगामा

साल 1947 में आई फिल्म ‘किस्मत’ में पहली बार अशोक कुमार को सिगरेट पीते और जुआ खेलते दिखाया गया था, वह इस फिल्म में ठग की भूमिका में थे। उस समय द्वितीय महायुद्ध चल रहा था। उनकी फिल्म ‘किस्मत’ में एक गाना था, जो हर भारतीय को पसंद आ रहा था, लेकिन इस गाने को सुनकर ब्रिटिश सरकार ने इस फिल्म पर पाबंदी लगाने का फैसला कर लिया था।

स्वतंत्रता सैनानियों में मशहूर हुआ गाना

फिल्म का गाना ‘दूर हटो ऐ दुनियावालों हिंदोस्तां हमारा है!’ उस दौरान स्वतंत्रता सैनानियों में काफी मशहूर हुआ था। ब्रिटिश हुकूमत इस गाने से पूरी तरह डर गई थी, उन्हें लगने लगा था कि इस गाने की वजह से देश में उनके खिलाफ बगावत हो जाएगी। जिसके बाद इस फिल्म को बैन करने का फैसला किया गया।

अशोक कुमार ने चली चाल

फिल्म देश में काफी मशहूर हुई थी। अंग्रेजों को शांत कराने के लिए अशोक कुमार ने अंग्रेजों से कहा कि ये गाना अंग्रेजों के खिलाफ नहीं बल्कि जर्मन और जापानियों के खिलाफ है। जिसके बाद अंग्रेजों को उनकी बात पर यकीन हो गया।

1 करोड़ की कमाई

‘किस्मत’ देश की सबसे सुपरहिट फिल्म साबित हुई। ये देश की पहली फिल्म बनी जिसने एक करोड़ रुपए की कमाई की थी। इस फिल्म ने अशोक कुमार को देश का सबसे बड़ा सुपरस्टार बना दिया था।

जन्मदिन के दिन हुआ भाई किशोर कुमार निधन

अशोक कुमार के छोटे भाई किशोर इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन सिंगर बनकर उभरे थे। दोनों के बीच खूब प्यार था। किशोर कुमार का निधन दुर्भाग्य से बड़े भाई अशोक के जन्मदिन के दिन, 13 अक्टूबर 1987 में हुआ था। छोटे भाई के निधन से अशोक को ऐसा सदमा लगा कि उन्होंने हमेशा के लिए अपना जन्मदिन मनाना छोड़ दिया।

संबंधित खबरें...

Back to top button