इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

इंदौर : महिला हाथ जोड़कर लगाती रही गुहार, पेट्रोल पंप कर्मी डॉक्टर पर बरसाते रहे लाठियां : देखें Video

इंदौर। शुक्रवार देर रात इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मियों ने एक डॉक्टर और उनके दोस्तों को लाठियों से बुरी तरह से पीटा। यह घटना देवास नाका पेट्रोल पंप पर हुई। शनिवार को घटना का वीडियो सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया है। पिटाई से घायल डॉक्टर को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार में पेट्रोल डलवाने गए थे डॉक्टर

लसूड़िया थाने के उपनिरीक्षक गणेश श्याम सोलंकी ने बताया कि घटना शुक्रवार रात की है। यहां इंदौर के ही डॉक्टर अविनाश अपने दोस्तों के साथ कार में पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से उनकी कुछ कहासुनी हो गई। इसके बाद पंप कर्मचारियों ने उन्हें बुरी तरह से पीटा। मारपीट का जो वीडियो सामने आया है, उसमें कर्मचारी लाठी से डॉक्टर को बुरी तरह से पीट रहे हैं और डॉक्टर के साथ एक महिला हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगा रही है। पेट्रोल पंप कर्मी महिला और डॉक्टर दोनों को गालियां दे रहे हैं। आरोपियों ने डॉक्टर पर लाठियों से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह घायल हो गए।

आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर हमने जांच शुरू की थी। एमवाय अस्पताल में डॉक्टर का मेडिकल चेकअप कराया गया। उन्हें काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि हमलावर पेट्रोल पंप के ही कर्मचारी हैं, जिन्हें जल्द चिह्नित कर लिया जाएगा। एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बयानों के आधार पर बढ़ेंगी धारा

डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना में क्या कार्रवाई हो रही है, इस सवाल के जवाब में पुलिस का कहना है कि हमारी टीम डॉक्टर के बयान दर्ज कर रही है। उनके बयानों के मुताबिक आरोपियों पर धाराएं लगाई जाएंगी। फिलहाल इन आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें CM शिवराज बोले- झूठी घोषणाएं कर जनता को फिर से भ्रमित न करें, कमलनाथ ने पलटवार करते हुए कहा- अभिमान बहुत बुरी चीज है

संबंधित खबरें...

Back to top button