
साइक्लोन असानी अब बंगाल की खाड़ी में पहुंचकर कमजोर पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद गुरुवार को ये धीरे-धीरे बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। बता दें कि आज शाम तक साइक्लोन बंगाल की खाड़ी में पहुंचेगा और फिर ये कमजोर पड़ सकता है।
भारी बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘असानी’ के बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने के दौरान ओडिशा, आंध्र प्रदेश और बंगाल के तटवर्ती इलाकों में हल्की और भारी बारिश के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं तूफान का असर इन राज्यों की सीमाओं से लगे दूसरे राज्यों पर भी रहेगा। बता दें कि बंगाल और ओडिशा से सटे झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। वहीं, केरल और तमिलनाडु में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
इन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में आने वाले कुछ दिन परेशान करने वाले हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों में 12 से 15 मई के बीच में हीटवेव की चेतावनी दी है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) | अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
दिल्ली | 29.0 | 42.0 |
श्रीनगर | 14.0 | 30.0 |
अहमदाबाद | 29.0 | 43.0 |
भोपाल | 29.0 | 43.0 |
चंडीगढ़ | 21.0 | 41.0 |
देहरादून | 22.0 | 36.0 |
जयपुर | 30.0 | 43.0 |
शिमला | 17.0 | 26.0 |
मुंबई | 27.0 | 34.0 |
लखनऊ | 28.0 | 41.0 |
गाजियाबाद | 26.0 | 41.0 |
जम्मू | 24.0 | 40.0 |
लेह | 8.0 | 23.0 |
पटना | 26.0 | 37.0 |
समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून इस बार 20 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। केरल में मानसून के दस्तक देते ही मध्य भारत में प्री-मानसून बारिश शुरू हो जाएगी। बता दें कि देश में सामान्य तौर पर मानसून की शुरुआत केरल में 1 जून से होती है। इस बार अंडमान में मानसून केरल से पहले पहुंचेगा। इस बार अंडमान में मानसून 18 मई तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के मई के मंथली लॉन्गरेंज फोरकास्ट के मुताबिक, 20 मई के बाद केरल में बारिश में इजाफा होगा। वैज्ञानिक इसे मानसून के आगमन का ही संकेत मान रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Taj Mahal : ताज के 22 बंद कमरे खोलने पर आज सुनवाई, अंदर शिव मंदिर होने का दावा