राष्ट्रीय

दिल्ली में कांग्रेस पार्षदों की घर वापसी: MCD रिजल्ट के बाद AAP में हो गए थे शामिल, अब माफी मांगकर बोले गलती हो गई

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव (MCD polls 2022) के नतीजे आने के भी राजधानी में हाई वोल्टेज ड्रामा जारी है। आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने के कुछ ही घंटों बाद कांग्रेस नेताओं ने घर वापसी कर ली है। कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेहदी और दो नवनिर्वाचित पार्षद 9 दिसंबर को AAP में शामिल हो गए थे, लेकिन अब इन तीनों ने दोबारा कांग्रेस जॉइन कर ली है।

मेहदी ने ट्वीट कर मांगी माफी

दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेंहदी के अलावा बृजपुरी वार्ड से कांग्रेस पार्षद नाजिया खातून और मुस्तफाबाद वार्ड से पार्षद नाजिया ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। इस घटनाक्रम के कुछ घंटे बाद दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेहदी ने माफी मांगी और कहा कि वह वापस कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वहीं उनके साथ गए दो पार्षदों की भी वापसी हो गई है। अली मेहदी ने ट्वीट कर कहा कि, मैं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का कार्यकर्ता हूं।

134 सीटों पर जीती है आम आदमी पार्टी

एमसीडी की 250 सीटों पर हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 134 सीटें जीती थीं। भाजपा को 104 वार्डों में जीत मिली है, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ 9 सीटों पर सिमट गई थी। वहीं तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है।

कांग्रेस के दो पार्षदों के आप का दामन थामने के बाद MCD में आम आदमी पार्टी की सीटें 134 से बढ़कर 136 हो गईं थीं। वहीं कांग्रेस की सीटें घटकर 7 ही रह गईं थीं। बता दें कि मुस्तफाबाद विधानसभा से कांग्रेस ने 2 वार्ड जीते थे। लेकिन अब नेताओं की घर वापसी के बाद आंकड़े पहले जैसे ही हो गए हैं।

दिल्ली में महापौर ‘आप’ का होगा : BJP चीफ

भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिल्ली के प्रमुख आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम (MCD) का महापौर आम आदमी पार्टी (AAP) से बनेगा। हमारी पार्टी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। अगर ‘आप’ किसी तरह के भ्रष्टाचार में लिप्त होगी, तो भाजपा उसका विरोध करेगी। आदेश गुप्ता का यह बयान उन चर्चाओं के बीच आया है, जिनमें कहा जा रहा था कि भाजपा निगम के महापौर का चुनाव लड़ेगी। पार्टी के प्रदेश प्रमुख ने निगम चुनावों में 104 वार्ड जीतने में मदद करने के लिए भाजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

उन्होंने कहा- भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी आम आदमी पार्टी से दिल्ली को बचाने के लिए हम मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। इसमें आम आदमी पार्टी (आप) ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। ‘आप’ ने दिल्ली नगर निगम के 250 में से 134 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा ने 104 सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने नौ और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन वार्ड में जीत हासिल की।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में कांग्रेस को बड़ा झटका, हाथ छोड़कर AAP में शामिल हुए MCD चुनाव जीतने वाले दो पार्षद

4 दिसंबर को हुआ था मतदान

दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को मतदान हुआ था। कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों ने एमसीडी चुनाव में 250-250 उम्मीदवार खड़े किए, जबकि कांग्रेस के 247 उम्मीदवार मैदान में थे। इसके अलावा अन्य पार्टियों ने भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतार रखे थे।

चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार 2017 की तुलना में 3% कम वोटिंग हुई है। इस बार करीब 50% मतदान हुआ है, जबकि 2017 में 53.55% मतदान हुआ था।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button