राष्ट्रीय

दिल्ली में कांग्रेस को बड़ा झटका, हाथ छोड़कर AAP में शामिल हुए MCD चुनाव जीतने वाले दो पार्षद

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव (MCD polls 2022) के नतीजे आने के तीसरे दिन ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के 2 पार्षदों ने शुक्रवार को पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया। दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेंहदी के अलावा बृजपुरी वार्ड से कांग्रेस पार्षद नाजिया खातून और मुस्तफाबाद वार्ड से पार्षद नाजिया आम आदमी पार्टी से जुड़ गए हैं। आप के नगर निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक ने दोनों कांग्रेस पार्षदों और एक कांग्रेस नेता को पार्टी जॉइन करवाई।

134 सीटों पर जीती है आम आदमी पार्टी

एमसीडी की 250 सीटों पर हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 134 सीटें जीती थीं। भाजपा को 104 वार्डों में जीत मिली है, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ 9 सीटों पर सिमट गई थी। वहीं तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। कांग्रेस के दो पार्षदों के आप का दामन थामने के बाद इनकी संख्या अब घटकर 7 ही बची है। बता दें कि मुस्तफाबाद विधानसभा से कांग्रेस ने 2 वार्ड जीते थे।

दिल्ली में महापौर ‘आप’ का होगा : BJP चीफ

भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिल्ली के प्रमुख आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम (MCD) का महापौर आम आदमी पार्टी (AAP) से बनेगा। हमारी पार्टी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। अगर ‘आप’ किसी तरह के भ्रष्टाचार में लिप्त होगी, तो भाजपा उसका विरोध करेगी। आदेश गुप्ता का यह बयान उन चर्चाओं के बीच आया है, जिनमें कहा जा रहा था कि भाजपा निगम के महापौर का चुनाव लड़ेगी। पार्टी के प्रदेश प्रमुख ने निगम चुनावों में 104 वार्ड जीतने में मदद करने के लिए भाजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा- भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी आम आदमी पार्टी से दिल्ली को बचाने के लिए हम मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। इसमें आम आदमी पार्टी (आप) ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। ‘आप’ ने दिल्ली नगर निगम के 250 में से 134 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा ने 104 सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने नौ और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन वार्ड में जीत हासिल की।

संबंधित खबरें...

Back to top button