Delhi Malviya Nagar Hotel Fire :मालवीय नगर होटल अग्निकांड के बाद प्रशासन सख्त, होटल-गेस्ट हाउस पर सीलिंग अभियान तेज

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित ‘फ्लरिश इन गेस्ट हाउस’ में 3 जून को लगी भीषण आग ने पूरे शहर को हिला दिया है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। हादसे के बाद दिल्ली सरकार और नगर निगम (MCD) तुरंत हरकत में आ गए हैं। अब प्रशासन उन सभी इलाकों में सख्त कार्रवाई कर रहा है, जहां नियमों का उल्लंघन कर होटल, गेस्ट हाउस और अन्य इमारतें चलाई जा रही थीं।
मालवीय नगर और आसपास के इलाकों में कार्रवाई
सबसे पहले मालवीय नगर और हौज रानी इलाके में जांच और कार्रवाई शुरू की गई है। यहां अवैध रूप से चल रहे कई होटल और गेस्ट हाउस को सील किया जा रहा है। साथ ही घिटोरनी समेत दक्षिण दिल्ली के अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माणों पर कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें: Malviya Nagar Hotel Fire : 'लोग खिड़कियां तोड़कर कूद रहे थे...' दिल्ली होटल हादसे के चश्मदीदों ने सुनाई भयावह कहानी
अवैध निर्माणों पर सख्त निगरानी
प्रशासन ने ऐसे सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की है, जो बिना अनुमति या फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी कर चल रहे हैं। अब इन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज हो सकता है। कई अन्य इलाकों में भी सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई बढ़ाई जाएगी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली होटल अग्निकांड में बड़ा खुलासा! मालिक बोला- 'दिल्ली में सब चलता है', पूछताछ में खोले कई राज
हादसे के बाद उठे सवाल
इस पूरे मामले के बाद लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि अगर समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो शायद 21 लोगों की जान बचाई जा सकती थी। अब प्रशासन का दावा है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।











