
नई दिल्ली। एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने सोमवार को भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी का स्थान लिया, जो तीन साल तक वायु सेना की कमान संभालने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। एयर मार्शल एपी सिंह वर्तमान में वायु सेना के उप प्रमुख के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। एपी सिंह को 5,000 घंटे से अधिक समय तक विमान उड़ाने का अनुभव है और वह लड़ाकू विमान के कुशल पायलट हैं।
फिक्स्ड और रोटरी विंग विमान उड़ाए
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का जन्म 27 अक्टूबर 1964 को हुआ था। उन्होंने दिसंबर 1984 में भारतीय वायु सेना में लड़ाकू विमान पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया। लगभग 40 वर्षों की सेवा के दौरान, सिंह ने विभिन्न कमान, स्टाफ, निर्देशात्मक और विदेशी नियुक्तियों में कार्य किया है। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र सिंह एक योग्य विमान प्रशिक्षक और एक पायलट हैं।
एपी सिंह के पास 5,000 घंटे से अधिक समय तक विमान उड़ाने का अनुभव है और वे एक कुशल लड़ाकू विमान पायलट हैं। उनके द्वारा उड़ाए गए विमानों में विभिन्न प्रकार के फिक्स्ड और रोटरी विंग विमान शामिल हैं। अपने पिछले कार्यकाल में, वे वायु सेना के उपप्रमुख के रूप में कार्यरत थे।
मिग-29 अपग्रेड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम’ का नेतृत्व किया
एपी सिंह ने लड़ाकू विमान बेड़े और सीमावर्ती वायुसेना ठिकानों की कमान संभाली है। एक ‘टेस्ट पायलट’ के रूप में, उन्होंने मॉस्को में ‘मिग-29 अपग्रेड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम’ का नेतृत्व किया और ‘नेशनल फ्लाइट टेस्ट सेंटर’ में परियोजना निदेशक (फ्लाइट टेस्ट) के रूप में भी काम किया। इसके अलावा, उन्होंने हल्के लड़ाकू विमान तेजस के परीक्षण का काम भी संभाला।