
नई दिल्ली। शराब घोटाले में फंसी केजरीवाल सरकार के खिलाफ शनिवार को भाजपा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के दफ्तर के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम केजरीवाल के इस्तीफे की भी मांग की जा रही है।
चुनाव में इस्तेमाल किया गया शराब घोटाले का पैसा
दरअसल, दिल्ली शराब घोटाले मामले में ईडी (ED) द्वारा कोर्ट में दाखिल आरोप पत्र में एक नया खुलासा हुआ। जिसमें यह स्पष्ट किया गया है कि, आम आदमी पार्टी ने कथित घोटाले में एकत्रित पैसे को गोवा के विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल किया। ईडी ने पहली बार शराब घोटाले में सीएम अरविंद केजरीवाल को भी आरोपी बनाया है।
भाजपा का आरोप है कि, दिल्ली के शराब घोटाले मामले में हुआ नया खुलासा बताता है कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है। पार्टी को संवैधानिक मर्यादा का ख्याल रखते हुए इनके शीर्ष नेताओं को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
#WATCH | Delhi: BJP workers protest outside AAP office against CM Arvind Kejriwal over alleged liquor scam. pic.twitter.com/Hm5tkekPon
— ANI (@ANI) February 4, 2023
मदन लाल की तरह इस्तीफा दें केजरीवाल: वीरेन्द्र सचदेवा
दिल्ली बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि, ‘अरविंद केजरीवाल में नैतिकता हो तो, मदन लाल खुराना ने 1995 में आरोप लगने पर जो नैतिकता दिखाई थी, उसका अनुसरण करते हुए वह ईडी की चार्जशीट में अपना नाम आने पर इस्तीफा दें।’
शराब घोटाले को सीएम केजरीवाल का संरक्षण: रामवीर सिंह
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह विधूड़ी ने कहा कि, ‘भाजपा शुरू से कह रही है कि आम आदमी पार्टी सरकार के शराब घोटाले को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संरक्षण प्राप्त है। अब तो ईडी चार्जशीट ने हमारे आरोप की पुष्टी भी कर दी है।’
ये भी पढ़ें- दिल्ली शराब घोटाला केस में ED की बड़ी कार्रवाई, AAP नेता विजय नायर और अभिषेक बोइनपल्ली गिरफ्तार
एलजी की सिफारिश पर हुआ था केस दर्ज
दरअसल, एलजी विनय कुमार सक्सेना की सिफारिश पर दिल्ली में शराब नीति में कथित घोटाले को लेकर सीबीआई ने केस दर्ज किया था। जिसके बाद में ईडी ने भी जांच शुरू की थी। इस मामले में जांच एजेंसियों ने आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को मुख्य आरोपी बनाया था। इसके बाद से सीबीआई और ईडी लगातार छापेमारी कर सबूत इकट्ठा करने का प्रयास कर रही है।