
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ब्रेक के बाद फिर ईडी ऑफिस पहुंच गए हैं। इससे पहले उनसे तीन घंटे तक पूछताछ की जा चुकी है। इस दौरान उनसे लगभग 50 सवाल पूछे गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल को इस दौरान कोई VIP ट्रीटमेंट नहीं मिला।
ईडी ऑफिस से निकलकर अस्पताल गए राहुल
ED ऑफिस से निकलकर राहुल अपनी बहन प्रियंका के साथ सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मां सोनिया गांधी भर्ती हैं। राहुल-प्रियंका ने सोनिया के स्वास्थ्य के बारे में डॉक्टर्स से जानकारी ली। जिसके बाद वे घर चले गए।
राहुल को नहीं मिला VIP ट्रीटमेंट
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी जब जांच अधिकारी के कमरे में पहुंचे, तब वो अधिकारी मौजूद नहीं थे। जिसके बाद अधिकारी के आने तक राहुल खड़े ही रहे। अधिकारी जब पहुंचे तो उन्होंने राहुल गांधी से बैठने को कहा। राहुल गांधी को पानी दिया गया। उनसे चाय और कॉफी के बारे में पूछा गया। उन्होंने हर चीज के लिए मना कर दिया। एक बार भी अपना मास्क नहीं हटाया।
ईडी ने पूछे 50 से ज्यादा सवाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी से पूछताछ के लिए ED ने 50 से ज्यादा सवाल तैयार कर रखे थे। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी के जवाबों में से निकल रहे सवालों के चलते ये संख्या बढ़ती जा रही है। इससे पहले कांग्रेस ने इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया।
धरने पर बैठे कांग्रेस नेता
राहुल के साथ पैदल मार्च करके कांग्रेस मुख्यालय से निकले कांग्रेस नेताओं को एक किमी पहले रोक लिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह कांग्रेस सांसदों के साथ कार्यालय के सामने सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
सच्चाई की बुलंद आवाज हैं राहुल गांधी- प्रियंका
राहुल गांधी की पेशी से पहले प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, पुलिस की बैरिकेड, ED की गीदड़ भभकियां, लाठी-वाटर कैनन सच्चाई की आंधी को नहीं रोक सकते। सच्चाई की बुलंद आवाज का नाम है राहुल गांधी।
जम्मू से कर्नाटक तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
केंद्र सरकार द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कथित तौर दुरुपयोग के खिलाफ जम्मू और बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
हिरासत में लिए गए अजय कुमार लल्लू
दिग्विजय सिंह ने कहा- राहुल के खिलाफ कोई केस है ही नहीं
कांग्रेस नेता और एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा, जब-जब भाजपा और मोदी डरते हैं वे पुलिस को आगे करते हैं। आगे हम जनता की लड़ाई लड़ेंगे। ये केस है ही नहीं, उन्होंने पूछा कि कोई FIR है क्या? यह केस तो मोदी सरकार ने 2014 में शुरू किया और उन्हीं की सरकार ने बिना कोई प्रमाण मिले केस को समाप्त कर दिया।
ऐसा कब तक चलेगा: अशोक गहलोत
नेशनल हेराल्ड मामले में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ED के सामने होने वाली पेशी पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कौन सा आरोप लगा है? आरोप भी राजनीति से ग्रसित है। पूरे देश में ED के छापे पड़ रहे हैं। ऐसा कब तक चलेगा।
मोदी सरकार कांग्रेस से हिल गई: सुरजेवाला
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि, कायर मोदी सरकार ने कई पुलिस बैरियर और पुलिस कर्मियों को तैनात किया है और मध्य दिल्ली में अघोषित आपातकाल लगाया है। यह साबित करता है कि मोदी सरकार कांग्रेस से हिल गई है।
पटना में कांग्रेस का प्रदर्शन
पटना में भी कांग्रेस कार्यकर्ता ईडी दफ्तर के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन में कुछ गलत नहीं- गहलोत
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा, केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन में क्या गलत है?
ये भी पढ़ें- National Herald Case : विवेक तन्खा ने किए सवाल, बोले- विपक्ष का सम्मान ही नहीं किया जाएगा तो कैसे चलेगा देश
ED ने सोनिया को भी तलब किया
ईडी ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को 23 जून को पूछताछ के लिए समन भेजा है। इससे पहले 8 जून को पूछताछ के लिए समन किया था, लेकिन 1 जून को वे कोरोना पॉजटिव हो गई थीं। जिसकी वजह से वे ईडी के सामने पेश नहीं हो पाईं। वहीं रविवार को संक्रमण के चलते सोनिया की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
ये भी पढ़ें- Sonia Gandhi: कोरोना संक्रमित सोनिया गांधी की बिगड़ी तबीयत, दिल्ली के गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती