Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Delhi CM Oath Ceremony : दिल्ली की CM बनीं रेखा गुप्ता, LG वीके सक्सेना ने दिलाई पद की शपथ; PM मोदी-NDA के बड़े नेता मौजूद

Follow on Google News
Delhi CM Oath Ceremony : दिल्ली की CM बनीं रेखा गुप्ता, LG वीके सक्सेना ने दिलाई पद की शपथ; PM मोदी-NDA के बड़े नेता मौजूद
नई दिल्ली। शालीमार बाग से बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बन गई हैं। एलजी वीके सक्सेना ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई। इसी के साथ वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम बन गई हैं। रामलीला मैदान पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली की सीएम के साथ ही 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। 19 फरवरी की शाम को हुई विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। बीजेपी शासित राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी कार्यक्रम में मौजूद हैं।

प्रवेश वर्मा ने भी ली दिल्ली कैबिनेट मंत्री पद की शपथ

प्रवेश वर्मा ने दिल्ली कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता के बाद पद की शपथ ली। प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया था।

रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की सीएम

रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उन्हें दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पद की शपथ दिलाई।

रेखा गुप्ता बोलीं- कभी नहीं सोचा था CM बनूंगी

दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गईं रेखा गुप्ता ने कहा कि, यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं पीएम मोदी और बीजेपी हाईकमान का मुझमें विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त करती हूं। मेरी पहली प्राथमिकता उन सभी वादों को पूरा करने की होगी, जो वादे हमारी पार्टी ने किए हैं। दूसरी प्राथमिकता ये है कि हमारे सभी 48 विधायक टीम मोदी की तरह काम करेंगे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी, ये चमत्कार जैसा है। पिछली आम आदमी पार्टी की भ्रष्ट सरकार को एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा।

प्रवेश वर्मा समेत 6 मंत्रियों ने ली शपथ

CM रेखा गुप्ता के अलावा 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली है, उनके नाम हैं-
  1. प्रवेश वर्मा
  2. आशीष सूद
  3. मनजिंदर सिंह सिरसा
  4. रविंदर इंद्राज सिंह
  5. कपिल मिश्रा
  6. पंकज कुमार सिंह

शपथ ग्रहण समारोह का शेड्यूल

  • 12:28 PM: केंद्रीय गृह मंत्री और उपराज्यपाल प्रधानमंत्री की अगवानी के बाद मंच की ओर बढ़ेंगे।
  • 12:29 PM: प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंचेंगे।
  • 12:30 PM: पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान होगा।
  • 12:31 PM: उपराज्यपाल के सचिव शपथ समारोह शुरू करने के लिए राज्यपाल से अनुमति मांगेंगे।
  • 12:35 PM: उपराज्यपाल मुख्यमंत्री को पद की शपथ और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे और कागजात पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
  • 12:45 PM: उपराज्यपाल मनोनीत मंत्रियों को पद की शपथ और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
  • 12:58 PM: उपराज्यपाल के सचिव शपथ समारोह संपन्न कराने के लिए उपराज्यपाल से अनुमति मांगेंगे।
  • 12:59 PM: पुलिस बैंड द्वारा एक बार फिर राष्ट्रगान होगा।

पहले से तय था नाम, RSS की पसंद बनीं रेखा गुप्ता

विधायक दल की बैठक से पहले ही यह लगभग तय हो गया था कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी रेखा गुप्ता को सौंपी जाएगी। भाजपा के करीबी सूत्रों के अनुसार, RSS ने उनके नाम की सिफारिश की थी, जिसे पार्टी ने स्वीकार कर लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। उन्होंने सभी विधायकों से बातचीत कर उनकी राय ली और फिर बैठक में नाम की घोषणा की गई।

रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह

रेखा गुप्ता 20 फरवरी को दोपहर 12:35 बजे रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ पूरी मंत्री परिषद भी शपथ लेगी। दिल्ली के मुख्य सचिव की ओर से जारी निमंत्रण के अनुसार, इस कार्यक्रम में करीब 30,000 मेहमानों के शामिल होने की संभावना है।

रेखा गुप्ता के बारे में जानें

  • रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था।
  • उनके पिता का नाम जय भगवान जिंदल था, जो एसबीआई में नौकरी करते थे। उनकी माता का नाम उर्मिला जिंदल है।
  • 1976 में जब उनके पिता को एसबीआई में नौकरी मिल गई, तब उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया था। हालांकि, उनका परिवार अभी भी जुलाना (हरियाणा) में व्यापार करता है।
शादी और परिवार: रेखा गुप्ता की शादी दिल्ली के बिजनेसमैन मनीष गुप्ता से हुई है। उनके दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। शिक्षा और राजनीतिक शुरुआत: रेखा गुप्ता की शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से हुई। 1992 में, उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। 1995-96 में वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUCS) की सचिव और 1996-97 में अध्यक्ष रही थीं। भाजपा में शामिल होना: 2002 में रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जॉइन की। वह पार्टी की युवा शाखा की राष्ट्रीय सचिव रहीं। उन्होंने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भाजपा की महिला शाखा की प्रभारी के रूप में भी कार्य किया। वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। नगर निकाय और महिलाओं के लिए कार्य: 2007 में रेखा गुप्ता उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए। जैसे कि सुमेधा योजना, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद मिली। पार्षद के रूप में कार्यकाल: रेखा गुप्ता तीन बार पार्षद चुनी गईं।
  • 2007-2012: उत्तरी पीतमपुरा
  • 2012-2017: शालीमार बाग
  • 2022-2025: शालीमार बाग
महिला सशक्तिकरण और समिति प्रमुख: महिला कल्याण और बाल विकास समिति की प्रमुख के रूप में उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण पर कई अभियान चलाए। उनका प्रमुख उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए बेहतर अवसरों की उपलब्धता थी।

पार्षद से मुख्यमंत्री तक का सफर

  • 2007: रेखा गुप्ता उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं।
  • 2007-09: वह एमसीडी (महानगर निगम दिल्ली) में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष रहीं। यह पद उन्होंने दो साल तक संभाला।
  • 2009: रेखा गुप्ता को दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव बनने का अवसर मिला।
  • 2010: भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बना दिया।
  • 2015 और 2020 विधानसभा चुनाव में हार: रेखा गुप्ता को 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में शालीमार बाग सीट से उम्मीदवार बनाया गया था। 2015 में आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी ने उन्हें करीब 11 हजार वोटों से हराया। 2020 में रेखा गुप्ता की हार का अंतर करीब 3400 वोट था।
  • 2025 विधानसभा चुनाव में जीत:2025 के विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने वंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराया। इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री के पद के लिए चुना गया।
ये भी पढ़ें- दिल्ली को मिली नई मुख्यमंत्री, रेखा गुप्ता संभालेंगी कमान, प्रवेश वर्मा होंगे डिप्टी सीएम
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts