जबलपुरमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

MP News : राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर बोला हमला, कहा- Bharat Jodo Yatra से देश को बदनाम कर रही कांग्रेस

सिंगरौली। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने रविवार को मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नफरत पैदा कर सत्ता पाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) से सारी दुनिया में भारत की छवि खराब कर रहे हैं।

भारत बदल चुका है : रक्षा मंत्री

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में 25 हजार 500 गरीब परिवारों को ‘मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना’ के तहत नि:शुल्क भूखंड वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा, इस समय एक नेता ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) पर निकले हैं। यात्रा के दौरान वो क्या-क्या बातें करते हैं? रक्षा मंत्री सिंह ने कहा, भारत अब पहले जैसा भारत नहीं रहा है। भारत बदल चुका है। जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय हमारे जवानों ने दिया है, वह अद्भुत है। लेकिन ये कांग्रेस के नेता सेना के जवानों के बारे में कुछ भी बोल रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने पूछा- हिंदुस्तान में नफरत कहां दिखाई दे रही है?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, कांग्रेस के नेता हमारी सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं। भारत टूटा हुआ देश है क्या, जो कांग्रेस के नेता भारत जोड़ने के लिए निकले हैं? भारत 1947 में टूट चुका है, अब नहीं टूटेगा। भारत अब पहले जैसा भारत नहीं रहा, जो चाहे आंख दिखाकर निकल जाए। उन्होंने आगे कहा, आज राहुल गांधी चारों तरफ घूम-घूम कर कह रहे हैं कि हिंदुस्तान में चारों तरफ नफरत ही नफरत है। क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी नफरत फैला रहे हैं? क्या मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी नफरत फैला रहे हैं? मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि हिंदुस्तान में नफरत पैदा करने की कोशिश कौन कर रहा है? उनको कहां नफरत दिखाई दे रही है?

राजनीति केवल देश बनाने के लिए होनी चाहिए : रक्षा मंत्री

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि सारी दुनिया में भारत को कांग्रेस के नेता बदनाम कर रहे हैं। जिस भारत की इज्जत सारी दुनिया में बढ़ी है, जो भारत सारे विश्व को अपना परिवार मानता है, उसके बारे में राहुल गांधी क्या बोल रहे हैं। नफरत पैदा कर के राहुल गांधी सत्ता प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत की आजादी में सभी ने योगदान दिया। भारत के मान, सम्मान और शौर्य से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। राहुल जी, नफरत की बात करके दुनिया में भारत की छवि को दुनिया में खराब मत कीजिए। राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, समाज और देश बनाने के लिए की जानी चाहिए।

राजनाथ सिंह ने कहा, रक्षा मंत्री होने के नाते मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि देश की सीमाओं पर कोई बुरी नजर डालने की कोशिश करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

हितग्राहियों के घर का भोजन किया ग्रहण

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगरौली में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों द्वारा घर से लाए हुए भोजन को साथ बैठकर ग्रहण किया। सीएम शिवराज और केंद्रीय रक्षा मंत्री सिंह ने सरसों का साग, चने की भाजी, मकई की रोटी और दाल का भूखंड वितरण के दौरान हितग्राहियों के साथ आनंद लिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि इतना मीठा भोजन दिल्ली में कहां मिलेगा।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

ये भी पढ़ें: सिंगरौली को मिली अनेक सौगातें : CM शिवराज बोले- MP में भूमिहीन हर गरीब को रहने की जमीन देंगे; रक्षा मंत्री ने कहा- गरीब का कल्‍याण पहली प्राथमिकता

संबंधित खबरें...

Back to top button