सड़क पर ‘DCP’ की कार का आतंक! बच्चे और बुजुर्ग को टक्कर, फिर भी नहीं रुकी गाड़ी

इंदौर -- शहर में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कार्रवाई का दावा करने वाली इंदौर पुलिस के सामने अब अपने ही वाहन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। दो दिन पहले परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में डीसीपी की नेमप्लेट लगी कार सड़क पर लहराते हुए दौड़ती नजर आई। कार ने पहले साइकिल सवार एक बच्चे को टक्कर मारी और इसके बाद एक्टिवा सवार बुजुर्ग को भी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि दोनों की जान बच गई। हादसे में दोनों को गिरने से मामूली चोटें आईं।

घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में डीसीपी की नेमप्लेट लगी कार सड़क पर सामान्य तरीके से चलती नजर नहीं आ रही है। वाहन कभी इधर तो कभी उधर लहराता हुआ आगे बढ़ रहा है। घटना के समय कार में दो पुलिसकर्मियों के मौजूद होने की बात सामने आई है। ड्राइवर के नशे में होने का आरोप भी लगाया जा रहा है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बीकॉम पास बना साइबर ठगों का ‘बैंक मैनेजर’! म्यूल खातों से क्रिप्टो के रास्ते विदेश तक पहुंचा रुपया!
पहले बच्चे को मारी टक्कर, फिर भी नहीं रोकी कार
वीडियो उपलब्ध कराने वाले राहगीर के मुताबिक घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र की है। क्लर्क कॉलोनी की तरफ से डीसीपी की नेमप्लेट लगी एमपी 03 ए 8674 कार आ रही थी। कार की रफ्तार और चलने का तरीका देखकर सड़क पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कार लहराते हुए आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान उसने सड़क पर साइकिल से जा रहे एक बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा सड़क पर गिर गया। हादसा देखने वाले लोगों को उम्मीद थी कि कार चालक तत्काल वाहन रोककर बच्चे की मदद करेगा, लेकिन आरोप है कि कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया।
वीडियो बनाने वाले राहगीर ने किया पीछा
हादसा देखकर एक बाइक सवार राहगीर ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद वह बाइक से कार का पीछा करने लगा। वीडियो में कार के आगे बढ़ने का घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ। डीसीपी की नेमप्लेट लगी होने के कारण कार राहगीरों के बीच चर्चा का विषय भी बन गई। इसके बावजूद वाहन की रफ्तार और उसके चलने के तरीके में कोई खास बदलाव नजर नहीं आया।
दूसरी टक्कर बुजुर्ग एक्टिवा सवार से
बच्चे को टक्कर मारने के बाद भी कार आगे बढ़ती रही। इसी दौरान कार ने एक बुजुर्ग दोपहिया चालक को भी टक्कर मार दी। टक्कर से बुजुर्ग सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि इस हादसे में भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। एक अन्य दोपहिया चालक ने कार को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन कार आगे बढ़ती रही। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों से भी कार बेहद करीब से निकलती दिखाई दी।
दिल्ली में सुबह-सुबह मर्डर से सनसनी, लाठियों से पीटकर शख्स की हत्या
कलश चौराहे से भंडारी ब्रिज की तरफ गई कार
राहगीर के मुताबिक डीसीपी की नेमप्लेट लगी कार परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के कलश चौराहे से होते हुए भंडारी ब्रिज की ओर बढ़ी। इस दौरान कार की गतिविधियां सामान्य नहीं थीं। कई वाहन चालक कार से बचते हुए निकलते नजर आए। घटना के समय ड्राइवर के नशे में होने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि यह आरोप सही है या नहीं, पुलिस जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगा।



















