दतिया उपचुनाव :नरोत्तम मिश्रा बोले भाजपा 20 हजार वोटों से जीतेगी, कांग्रेस का दावा हम 25 हजार वोटों से जीतेंगे

दतिया। Datia विधानसभा उपचुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही चुनावी मुकाबला और मजेदार होता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच प्रचार अभियान के साथ- साथ जीत के दावों की जुबानी जंग अब तेज हो गई है। जहां प्रदेक के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा की 20 हजार सीटों का दावा किया है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस की 25 हजार वोटों से जीत का भरोसा दिलाया है। इतना ही नहीं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी भाजपा के पक्ष में माहौल बनाते हुए कहा कि पार्टी बड़े वोटों के अंतर से जीते जिससे कांग्रेस की जमानत तक रद्द हो जाए।
नरोत्तम मिश्रा ने किए बड़े दावे
पूर्व गृहमंत्री ने दावा किया कि दतिया की जनता भारतीय जनता पार्टी के विकास कार्यों पर भरोसा जताएगी और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी 20 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे। उनका कहना है कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा है और इसका असर चुनाव परिणाम में साफ दिखाई दे सकता है।
जीतू पटवारी बोले जनता हर मुद्दे का जवाब देगी
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा के दावे को खारिज करते हुए कहा कि दतिया की जनता बदलाव चाहती है। उनका दावा है कि कांग्रेस इस उपचुनाव में 25 हजार वोटों से जीत हासिल करेगी। पटवारी ने आगे यह भी कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार से नाराज है, और इस एक-एक चीजों का जवाब वोटिंग के दौरान दिया जाएगा।
तुसलीराम ने विभिन्न क्षेत्रों में की जनसभाएं
इधर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में दतिया के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं कर भाजपा के पक्ष में वोटिंग की अपील की। सिलावट ने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक प्रत्याशी का नहीं बल्कि दतिया के विकास, विश्वास और भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान का चुनाव भी है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतत्व में प्रदेश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: Jammu Kashmir Landslide: नदियां उफान पर, सड़कें बहीं... राजौरी-पुंछ में फ्लैश फ्लड से 10 की मौत, कई इलाके तबाह
भाजपा ने आशुतोष को बनाया उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी ने दतिया उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है। दोनों उम्मीदवार लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में दोनों दलों ने अपने वरिष्ठ नेताओं को भी मैदान में उतार दिया है, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है।
30 जुलाई को होगी वोटिंग
दतिया विधानसभा सीट पर मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने से खाली हुई थी। इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। अब देखना होगा कि जनता इस बार किस उम्मीदवार के पक्ष में अपना फैसला सुनाती है और दतिया की सीट किस दल के खाते में जाती है।











