Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंच पर रो पड़े नरोत्तम मिश्रा...भाषण के बीच छलका दर्द, बोले- 'एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा'

दतिया उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित सभा के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए। भाषण देते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने पार्टी के प्रति आभार जताया, कार्यकर्ताओं से चुनाव में जुटने की अपील की और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
भाषण के बीच छलका दर्द, बोले- 'एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा'

दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा के दौरान पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए। मंच से संबोधित करते समय उन्होंने पार्टी के प्रति अपना आभार जताया, लेकिन बोलते-बोलते उनकी आंखों में आंसू आ गए। इसके बाद उन्होंने अपना भाषण बीच में ही समाप्त कर दिया और वापस अपनी सीट पर बैठ गए। सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

'पार्टी ने बहुत कुछ दिया'

अपने संबोधन में नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें 30 साल तक विधायक और 15 साल तक मंत्री बनने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी है कि वह पूरी ताकत से पार्टी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को जीत दिलाएं। उन्होंने कहा कि वह खुद कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में डेरा डालेंगे, हर गांव जाएंगे और हर घर तक पहुंचकर बीजेपी के पक्ष में समर्थन मांगेंगे।

कांग्रेस पर साधा निशाना

नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह का नाम लिए बिना चुनावी मुकाबले को "राजा और रंक" की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि आशुतोष तिवारी लंबे समय से राष्ट्र सेवा और संगठन के लिए काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी निशाना साधते हुए चुनावी हार को लेकर तंज कसा।

ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव : बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने भरा नामांकन, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद

'बीजेपी में कोई फूट नहीं'

बीजेपी में अंदरूनी मतभेद के आरोपों को खारिज करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे और किसी तरह की फूट की बातों में कोई सच्चाई नहीं है।

विकास के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि दतिया में पिछले वर्षों में विकास के कई काम हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां तांगे चलते थे, आज वहां बेहतर सुविधाएं और आधुनिक विकास दिखाई देता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पहले क्षेत्र में डाकुओं का आतंक था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts