Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दतिया उपचुनाव :भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मंच से की भाजपा को जिताने की अपील कर दी

दतिया उपचुनाव के रण में रोचक नजारे सामने आ रहे हैं। टिकट वितरण के दौरान जितना तनाव देखा गया अब उतना ही सौहार्दपूर्ण वातावरण देखा जा रहा है। रविवार को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आमने-सामने आ गए और खूब हंसी-ठिठोली चली। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एक ही ट्रेन  के एक ही कोच में आमने-सामने बैठकर दतिया जा चुके हैं।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मंच से की भाजपा को जिताने की अपील कर दी
दतिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी एक साथ।

दतिया। विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच रविवार को चिरूला गांव में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने चुनावी माहौल में अलग ही रंग भर दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे तभी भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी उसी गांव में जनसंपर्क कर रहे थे। जब आशुतोष दूर से ही जीतू पटवारी को नमस्ते करते हुए आगे बढ़ने लगे तो जीतू ने कहा, आशुतोष भैया पास आकर मिलो न। इतनी दूर से क्यों जा रहे हो यार। ऐसे नहीं चलेगा।

जीतू पटवारी के बुलाने पर पास पहुंच गए आशुतोष

इसके बाद आशुतोष उनके पास पहुंचे। पास आने पर जीतू ने कहा कि एक तो आप पहली बार आए हो यहां, चुनाव लड़ने के लिए। इससे पहले तो आए नहीं। फिर भी दूर-दूर से जाओगे तो कैसे चलेगा? इसी दौरान आशुतोष ने जीतू के हाथ से माइक लिया और मौजूद लोगों से कहा कि हमारी विचारधारा अलग-अलग है, लेकिन हमारे परिवार के बहुत पुराने रिश्ते हैं। आप सबसे प्रार्थना है कि आपका आशीर्वाद भाजपा को मिले।  

ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव : नरोत्तम मिश्रा बोले भाजपा 20 हजार वोटों से जीतेगी, कांग्रेस का दावा हम 25 हजार वोटों से जीतेंगे

जीतू बोले-मैंने पूछा आशुतोषजी को देखा है तो कोई हाथ नहीं उठा

इसके बाद जीतू ने आशुतोष के हाथ से माइक लिया और कहने लगे कि एक मिनट आशुतोष जी, आपका अधिकार है, आशीर्वाद मांगा। इसी दौरान आशुतोष वहां से जाने लगे तो जीतू ने रोकने की कोशिश करते हुए कहा कि मैंने यहां सबसे पूछा कि इससे पहले आशुतोष जी को कभी देखा है तो एक भी हाथ नहीं उठा।

 आशुतोष : यहीं का रहने वाला हूं, बचपन से  यहां हूं

जीतू पटवारी की इस बात पर आशुतोष ने कहा कि सबको जानकारी है, यहीं का रहने वाला हूं, यहीं घर है। बचपन से यहां हूं। यह कहकर वे चले गए। इस घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे चुनावी सौहार्द का उदाहरण बता रहे हैं, तो कई इसे चुनाव प्रचार का अनोखा पल मान रहे हैं। चुनावी मुकाबले के बीच यह अप्रत्याशित दृश्य पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ये भी पढ़ें: MP UCC Update: एमपी कैबिनेट ने यूसीसी विधेयक को दी मंजूरी, विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होगा बिल

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts