दमोह: अमानक स्पीड ब्रेकर बन रहे दुर्घटनाओं का कारण, वाहन चालकों हुए परेशान

दमोह। वाहन चालकों को दूर से स्पीड ब्रेकर की जानकारी नहीं मिल पाती और अचानक सामने आने पर तेज ब्रेक लगाना पड़ता है। बालाकोट बायपास से पिपरिया दिगंबर और हथना मार्ग पर कम दूरी के अंतराल में दो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। गैर-मानक स्पीड ब्रेकर से दोपहिया वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने स्पीड ब्रेकर पर संकेतक, रिफ्लेक्टर और स्पष्ट मार्किंग के साथ मानकों के अनुरूप निर्माण की मांग की है।
बालाकोट बायपास से पिपरिया दिगंबर-हथना मार्ग पर परेशानी
शहर के निकट बालाकोट बायपास से ग्राम पिपरिया दिगंबर और हथना की ओर जाने वाले मार्ग पर कम दूरी के अंतराल में ही दो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इनकी चौड़ाई 10 फीट से अधिक है और ऊंचाई भी अपेक्षाकृत अधिक है। मार्ग से पहली बार गुजरने वाले वाहन चालकों को दूर से इनका सही अंदाजा नहीं लग पाता और नजदीक पहुंचने पर अचानक गति कम करने के प्रयास में वाहन असंतुलित होने की स्थिति बन जाती है।
ये भी पढ़ें: सीहोर में नर्मदा के तेज बहाव में डूबा युवक, नारियल पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
वाहन चालक ज्यादा परेशान
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के गांवों और अन्य क्षेत्रों के वाहन चालक भी गुजरते हैं। सड़क से परिचित चालक तो किसी तरह स्पीड धीमी कर लेते हैं, लेकिन अनजान वाहन चालकों के लिए बिना स्पष्ट संकेतक वाले स्पीड ब्रेकर परेशानी का कारण बन रहे हैं। विशेषकर रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से स्पीड ब्रेकर दिखाई देना मुश्किल होता है।
दोपहिया वाहन चालकों पर भी खतरा
गैर-मानक स्पीड ब्रेकर का सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों को रहता है। अचानक सामने आए ऊंचे स्पीड ब्रेकर पर ब्रेक लगाने से बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है और स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार दोपहिया वाहन चालक स्पीड ब्रेकर पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके अलावा वाहनों में टूट-फूट होने की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं।
संकेतक और मार्किंग जरूरी
लोगों का कहना था कि स्पीड ब्रेकर बनाए जाने का उद्देश्य वाहनों की गति नियंत्रित कर दुर्घटनाओं को रोकना है, लेकिन अगर इन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाया जाए तो यही स्पीड ब्रेकर हादसे का कारण बन सकते हैं। स्पीड ब्रेकर से पर्याप्त दूरी पहले चेतावनी संकेतक लगाए जाने के साथ सड़क पर स्पष्ट मार्किंग की जानी चाहिए, ताकि वाहन चालक समय रहते अपनी गति कम कर सकें।
ये भी पढ़ें: पहले ₹200 में सिम खरीदी, फिर ₹500 में बेची... आखिर साइबर ठगों तक कैसे पहुंची पुलिस ?
मानकों के अनुरूप हो निर्माण
शहर और आसपास के मार्गों पर बनाए गए सभी स्पीड ब्रेकर का जायजा लिया जाए। जो स्पीड ब्रेकर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उनकी ऊंचाई और डिजाइन में आवश्यक सुधार किया जाए। साथ ही स्पीड ब्रेकर के दोनों ओर पर्याप्त दूरी पर संकेतक, रिफ्लेक्टर और स्पष्ट मार्किंग कराई जाए, ताकि दिन के साथ रात में भी वाहन चालकों को उनकी जानकारी समय रहते मिल सके। लोगों का कहना था कि स्पीड ब्रेकर का उद्देश्य वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा करना नहीं, बल्कि उनकी गति नियंत्रित कर दुर्घटनाओं को रोकना है।




















