अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

पाकिस्तान की पहली ट्रांसजेंडर न्यूज एंकर पर जानलेवा हमला, अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली; बाल-बाल बचीं

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की पहली ट्रांसजेंडर न्यूज एंकर मारविया मलिक पर जानलेवा हमला हुआ है। मारविया मलिक पर लाहौर में गुरुवार (23 फरवरी) को रात में उनके आवास के बाहर ही अंधाधुंध फायरिंग की गई। बंदूकधारियों ने मलिक (26) पर उस समय गोलीबारी की जब वह पाकिस्तान के लाहौर में एक फार्मेसी से घर लौट रही थी। हालांकि, मारविया को गोली नहीं लगी और वो बच गईं।

कुछ समय से मिल रही थी जान से मारने की धमकी

मारविया का कहना है कि वो हमेशा ट्रांसजेंडर लोगों के लिए आवाज उठाती हैं। इसी वजह से उन पर हमला हुआ है। मलिक ने पुलिस को बताया कि, हाल ही में ट्रांसजेंडर पर्सन प्रोटेक्शन राइट्स एक्ट पर बयान देने के बाद से उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। सुरक्षा कारणों की वजह से वह कुछ समय के लिए लाहौर से बाहर इस्लामाबाद और मुल्तान चली गई थीं। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार वह सर्जरी के लिए कुछ दिन पहले ही लाहौर लौटी थी।

मलिक ने पुलिस को बताया, “मैं पाकिस्तान में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए आवाज उठाने का काम कर रही थी। इस काम का कई लोग विरोध भी कर रहे थे। पिछले कुछ समय से धमकी भरे फोन आ रहे थे।” FIR दर्ज होने के बाद ये मामला सामने आया है।

शरिया कानून के खिलाफ है ट्रांसजेंडर पर्सन एक्ट

काउंसल ऑफ इस्लामिक आइडियोलॉजी (CII) ने 2022 सितंबर में कहा था- ट्रांसजेंडर पर्सन प्रोटेक्शन राइट्स एक्ट 2018 शरिया कानून के मुताबिक नहीं हैं। इस एक्ट से समाज में कई तरह की समस्याएं पैदा हो सकती हैं, क्योंकि इसके कई प्रावधान इस्लामी सिद्धांतों के खिलाफ हैं।

2018 में न्यूज एंकर बन रचा था इतिहास

मारविया मलिक ने अपने परिवार द्वारा “अस्वीकार” किए जाने के बाद 2018 में 21 साल की उम्र में न्यूज़ एंकर बनने वाली पहली ट्रांसजेंडर व्यक्ति बनकर इतिहास रच दिया। वह बचपन से ही न्यूज एंकर बनना चाहती थीं। वो पाकिस्तान में स्थित कोहेनूर न्यूज टीवी की एंकर हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, “अगर मौका दिया जाए तो ट्रांसजेंडर लोग भी कुछ भी करने में समान रूप से सक्षम हैं।”

अंतर्राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button