
मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ के खोपोली इलाके में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बस 700 फीट गहरी खाई में गिर गई, हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस में 40 यात्री सवार थे, ऐसे में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है। वहीं हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
#UPDATE | Maharashtra: 12 people died & more than 25 injured after a bus fell into a ditch in Raigad's Khopoli area. Rescue operations underway: Raigad SP
— ANI (@ANI) April 15, 2023
पुणे से मुंबई जा रही थी बस
पुलिस के मुताबिक, निजी बस पुणे से मुंबई जा रही थी। उसी दौरान खंडाला और खोपोली के बीच मुंबई-पुणे हाईवे पर ही शिंगरोबा मंदिर के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी। बस में 40 के करीब यात्री सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, बस में सवार यात्री गोरेगांव क्षेत्र के एक संगठन के थे। यह सभी पुणे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान हादसा हो गया।

रायगढ़ एसपी सोमनाथ घार्गे ने बताया कि, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानिय लोगों की मदद से बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। लोगों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।