ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

बिना टेंशन लें ई-व्हीकल, शहर-हाईवे के पेट्रोल पंपों पर कर सकेंगे चार्जिंग

मप्र में तेल कंपनियां बनाएंगी स्टेशन, टाटा-अडानी ढाबों से कर रहे अनुबंध

अशोक गौतम-भोपाल। ई-व्हीकल खरीदारों को जो सबसे बड़ी टेंशन होती है, वह है इसकी चार्जिंग की। एक बार घर से निकल गए तो फिर ईवी चार्जिंग स्टेशन मिले ना मिले, क्या ठिकाना। अब बिना टेंशन आप ई- व्हीकल ले सकते हैं क्योंकि शहर और हाईवे के पेट्राल पंपों पर इनके चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। यह जानकारी इंडियल ऑयल के डिविजनल मैनेजर राजीव विश्वास ने दी। इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम सहित अन्य तेल कंपनियां अपने पेट्रोल पंपों पर इसकी सुविधा देंगी। मप्र में इसकी शुरुआत भोपाल, इंदौर जबलपुर और ग्वालियर सहित बड़े शहरों से होगी। पेट्रोल पंपों पर ईवी मशीनें, बिजली कनेक्शन और ट्रांसफार्मर लगाने की व्यवस्था कंपनियां कराएंगी। जबकि संचालन पेट्रोल पंप संचालक के जरिए होगा।

स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे के किनारे स्थित पेट्रोल पंपों पर पीपीपी मॉडल पर ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें कार, लोडिंग वाहन और टूव्हीलर के लिए चार्जिंग की व्यवस्था होगी। राज्य सरकार की नई ईवी नीति आचार संहिता के बाद जारी होगी।

प्रदेश में 300 से ज्यादा पेट्रोल पंप हो चुके हैं चिन्हित

प्रदेशभर 60 हजार इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत है। पेट्रोलियम कंपनियों ने उन पेट्रोल पंपों को फोकस किया है, जिन पर उनका खुद का मालिकाना हक है। इंडियन ऑयल भारत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने प्रदेश में करीब 300 से अधिक पेट्रोल पंपों को चिन्हित किया है।

चार्जर जितना पावरफुल बैटरी उतनी जल्दी होगी चार्ज

कार की बैटरी और चार्जर पर डिपेंड करता है कि बैटरी कितनी देर में फुल चार्ज होगी। अगर कार की बैटरी 82 किलोवाट घंटे की है और आप 43 से 50 किलोवाट के चार्जर से चार्ज करते हैं तो 1 घंटा लगेगा और वहीं अगर चार्जर 150 किलोवाट का हो तो 30 मिनट लगेंगे।

राज्य सरकार दिलाएगी जगह

जहां पेट्रोल पंप में जगह है, वहां पर ईवी के लिए विस्तार किया जाएगा। इसके लिए जगह राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। भोपाल में पांच नम्बर स्थित दुर्गा पेट्रोल पंप को ईवी चार्जिंग मशीन उपलब्ध करा दी गई है। बिजली कनेक्शन में सब्सिडी भी दी जा रही है।

अडानी और टाटा भी आगे आए

टाटा और अडानी ने भी ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने का काम शुरू कर दिया है। ये कंपनियां हाईवे के बड़े-ढाबों और होटलों से चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए अनुबंध कर रही हैं। प्रति वाहन चार्जिंग में अपना कुछ हिस्सा होटल और ढाबा संचालकों से वसूल करेंगी।

पेट्रोल पंप पर चार्जिंग की दो कैटेगिरी

  • फास्ट चार्जिंग: 30 केवी का बिजली का कनेक्शन लेना होगा। इसके लिए आठ से नौ लाख रुपए खर्च आएगा। 20 मिनट में वाहन चार्ज हो जाएगा।
  • सामान्य चार्जिंग: 3.3 केवी के बिजली का कनेक्शन लेना होगा। 30 से 40 हजार रुपए खर्च आएगा। इसमें चार्जिंग में आधा से एक घंटा लगेगा। इसके अलावा घर पर चार्ज करने के लिए सामान्य चार्जर का उपयोग होगा।

बात देश की

केंद्र सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार इस समय इंडियन ऑयल , हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी ऑयल कंपनियों के 14,450 पेट्रोल पंपों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन खुल चुके हैं।

कार का 80, टू व्हीलर के 30 रु. प्रतिघंटे चार्ज

अगस्त 2023 में इंदौर में प्रदेश का पहला सोलर बेस पब्लिक इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया था। हालांकि, यह स्लो चार्जर है, जिससे तीन घंटे में दोपहिया वाहन चार्ज होता है। यहां पर कार चार्जिंग के प्रति घंटे 80 और टूव्हीलर के 30 रु. लिए जाते हैं।

पंप संचालक कर रहे तैयारी

सभी पेट्रोल पंपों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए सरकार ने कहा है। कुछ पेट्रोल पंपों ने यह मशीनें लगाईं भी है। -अजय सिंह, अध्यक्ष, मप्र पेट्रोल पंप एसोसिएशन

स्टेशन बनाने का काम शुरू

इंडियन ऑयल सहित अन्य पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने पेट्रोल पंपों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू कर दिया है। स्टेट और नेशनल हाइवे पर भी स्टेशन बनाए जाएंगे। -राजीव विश्वास, डिविजनल मैनेजर, इंडियन ऑयल कंपनी मध्य प्रदेश

संबंधित खबरें...

Back to top button