राष्ट्रीय

CSC का फैसला : अब ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान चलाएगी कांग्रेस, राज्यसभा में अपोजिशन लीडर बने रहेंगे खड़गे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा गठित कांग्रेस संचालन समिति (CSC) की पहली बैठक में कई जरूरी फैसले लिए गए। इनमें से एक राहुल गांधी के संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल नहीं होना भी है। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में विपक्ष के नेता बने रहेंगे।

जयराम रमेश ने दी जानकारी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार सचिव जयराम रमेश ने खड़गे के बारे में पूछे जाने पर कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे न केवल कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के रूप में, बल्कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता के रूप में भी विपक्षी दलों के साथ जुड़ेंगे।” अगर ऐसा होता है तो यह कांग्रेस की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ पॉलिसी का उलट होगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी ने उनके इस्तीफे पर फैसला नहीं किया है, जो उन्होंने कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के दौरान दिया था। इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया गया क्योंकि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भारत जोड़ो यात्रा में भाग ले रहे हैं।

CSC की पहली बैठक में खड़गे ने क्या कहा

खड़गे ने कांग्रेस स्टीयरिंग कमिटी (CSC) की पहली बैठक में कहा, मेरा मानना है कि पार्टी और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी का सबसे बड़ा हिस्सा है – “Organizational Accountability from top to bottom”। अगर कांग्रेस संगठन मजबूत होगा, जवाबदेह होगा, लोगों की उम्मीद पर खरा उतरेगा, तो ही हम चुनावी जीत हासिल कर देश के लोगों की सेवा कर पाएंगे।

शीतकालीन सत्र में शामिल नहीं होंगे राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि, राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। इसलिए संसद के शीतकालीन सत्र में उनका शामिल होना व्यवहारिक नहीं है। बता दें कि, बैठक में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल, राजस्थान के CM अशोक गहलोत, पी चिदंबरम और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान चलाएगी कांग्रेस

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि, 26 जनवरी के करीब भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर पहुंचेगी। इसके बाद 26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ चलाया जाएगा। दो महीने तक चलने वाले इस अभियान में भारत जोड़ो यात्रा का संदेश और मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट आम लोगों तक पहुंचाया जाएगी।

इसके अलावा फरवरी के दूसरे पखवाड़े में पार्टी का पूर्ण अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह तीन दिवसीय सत्र होगा जो रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जाएगा।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button