
लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में बड़ा हादसा हो गया। सेना की गाड़ी श्योक नदी में गिर गई। भारतीय सेना के 7 जवान शहीद हो गए। जबकि कई जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को वायु सेना की मदद से बेहतर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना के वाहन में कुल 26 जवान मौजूद थे। ये वाहन परतापुर से सब-सेक्टर हनीफ की ओर जा रहा था। इस दौरान अचानक वाहन सड़क से फिसल गया। जिस कारण ये हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन सड़क से फिसलकर करीब 50-60 फीट नीचे श्योक नदी में गिर गया। जहां 7 जवानों की जान चली गई। जबकि बाकी सैनिकों का इलाज चल रहा है।
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने ट्वीट किया कि लद्दाख में श्योक नदी में गाड़ी गिरने से 7 सैनिकों की मृत्यु होने का दुःखद समाचार मिल रहा है। इस पीड़ादायक घड़ी में देश उन सैनिकों के परिवारों के साथ खड़ा है।