
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खेत की रखवाली में सोए किसान की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर धामनोद पुलिस चौकी के गांव दिवेल में सुबह किसान का हिम्मत सिंह का शव उसके खेत पर पाया गया। वह खेत की रखवाली के लिए खेत पर सोया था, जहां अज्ञात हत्यारों ने उसकी हत्या कर दी। मारने से पहले हत्यारों ने उसके हाथ-पैर भी तोड़ दिए।
खेत में हिम्मत सिंह को मृत अवस्था में देखा
पुलिस के अनुसार, ग्राम दिवेल निवासी हिम्मत सिंह (48) शुक्रवार रात को खेत की रखवाली के लिए खेत पर सोए थे। रात को किसी समय अज्ञात हत्यारों ने उनकी हत्या कर दी। हिम्मत सिंह के खेत के पास ही उनके भाई कमल सिंह का खेत है। सुबह जब कमल सिंह, हिम्मत सिंह के खेत पर पंहुचे तो, उन्होंने हिम्मत सिंह को मृत अवस्था में देखा।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा पंहुचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।