राष्ट्रीय

पीएम मोदी ने किया कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन; सिंधिया का एलान, आने वाले समय में यूपी में बनाए जाएंगे 17 एयरपोर्ट

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। प्रधानमंत्री ने कुशीनगर महापरिनिर्वाण मंदिर में ‘अभिधम्म दिवस’पर आयोजित एक समारोह में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने एक कार्यक्रम को भी संबोधित किया। पढ़ें प्रधानमंत्री के संबोधन की कुछ प्रमुख बातें…

  • हम सभी जानते हैं कि श्रीलंका में बौद्ध धर्म का संदेश, सबसे पहले भारत से सम्राट अशोक के पुत्र महेन्द्र और पुत्री संघमित्रा ले कर गए थे।
  • माना जाता है कि आज के ही दिन ‘अर्हत महिंदा’ ने वापस आकर अपने पिता को बताया था कि श्रीलंका ने बुद्ध का संदेश कितनी ऊर्जा से अंगीकार किया है।
  • इस समाचार ने ये विश्वास बढ़ाया था, कि बुद्ध का संदेश पूरे विश्व के लिए है, बुद्ध का धम्म मानवता के लिए है।
  • आज एक और महत्वपूर्ण अवसर है- भगवान बुद्ध के तुषिता स्वर्ग से वापस धरती पर आने का! इसीलिए, आश्विन पूर्णिमा को आज हमारे भिक्षुगण अपने तीन महीने का ‘वर्षावास’भी पूरा करते हैं। आज मुझे भी वर्षावास के उपरांत संघ भिक्षुओं को ‘चीवर दान’का सौभाग्य मिला है।
  • बुद्ध इसीलिए ही वैश्विक हैं क्योंकि बुद्ध अपने भीतर से शुरुआत करने के लिए कहते हैं। भगवान बुद्ध का बुद्धत्व है- sense of ultimate responsibility।
  • आज जब दुनिया पर्यावरण संरक्षण की बात करती है, क्लाइमेट चेंज की चिंता जाहिर करती है, तो उसके साथ अनेक सवाल उठ खड़े होते हैं।
  • लेकिन, अगर हम बुद्ध के सन्देश को अपना लेते हैं तो ‘किसको करना है’, इसकी जगह ‘क्या करना है’, इसका मार्ग अपने आप दिखने लगता है।
  • बुद्ध आज भी भारत के संविधान की प्रेरणा हैं, बुद्ध का धम्म-चक्र भारत के तिरंगे पर विराजमान होकर हमें गति दे रहा है। आज भी भारत की संसद में कोई जाता है तो इस मंत्र पर नजर जरूर पड़ती है- ‘धर्म चक्र प्रवर्तनाय’।
  • भगवान बुद्ध ने कहा था- “अप्प दीपो भव”। यानी, अपने दीपक स्वयं बनो। जब व्यक्ति स्वयं प्रकाशित होता है तभी वह संसार को भी प्रकाश देता है।
  • यही भारत के लिए आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा है। यही वो प्रेरणा है जो हमें दुनिया के हर देश की प्रगति में सहभागी बनने की ताकत देती है।

सीएम योगी ने जताया पीएम का आभार

सीएम योगी ने कहा कि पूर्वी यूपी आजादी के बाद से लगातार उपेक्षित था। बौद्ध सर्किट से अब हवाई मार्ग से देश और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन आज से शुरू हो चुका है। मैं इस मौके पर पीएम मोदी का यूपी की जनता की तरफ से स्वागत करता हूं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया स्वागत

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कुशीनगर में पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दौरान उपस्थित रहे। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ये प्रदेश का 9वां हवाई अड्डा है। उत्तर प्रदेश में आने वाले समय में 17 अन्य एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। आज विकास की जिस गति से उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है, वही हाल देश का भी है।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button