
देशभर में लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम, रसोई गैस की कीमतों में हुए इजाफे को लेकर कांग्रेस ने हल्ला बोल दिया है। बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस आज देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। इस प्रदर्शन को असरदार बनाने के लिए राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता सड़क पर उतरे हैं। प्रदर्शन के दौरान सभी नेता ‘चुनाव खत्म लूट चालू’ के नारे लगाते नजर आए।
‘पेट्रोल-डीजल के दाम को बढ़ाना बंद करें’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 10 दिन में 9 बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं और इसका परिणाम मध्यम वर्ग और गरीब लोगों पर पड़ता है। हमारी मांग है कि सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम को बढ़ाना बंद करें। पूरे देश में हमारा प्रदर्शन चलेगा और काफी दिनों तक चलेगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताई कांग्रेस की मांग
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हर दिन पेट्रोल-डीजल और अन्य चीजों के दाम बढ़ रहे हैं और इसका परिणाम आवश्यक वस्तुओं पर हो रहा है, इसलिए आज हम राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस की मांग है कि UPA सरकार के दौरान जो कीमतें थी वो किया जाना चाहिए।
‘137 दिनों बाद धड़ल्ले से दाम बढ़ रहे हैं’
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार जैसे आम लोगों की जेबों में डाका डाल रहे हैं उसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 10 दिनों में 9 बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने से मोदी जी ने एक इतिहास बना दिया। 137 दिनों बाद धड़ल्ले से दाम बढ़ रहे हैं। हमारी मांग है कि ये दाम सरकार वापस ले।
जब दुनिया में तेल के दाम कम थे तब भी…
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते हैं तब हर चीज के दाम बढ़ते हैं। जब दुनिया में कच्चे तेल के दाम सबसे कम थे तब भी ये सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही थी। 101 रुपये का तेल भराने में 52 रुपये सरकार के पास एक्साइज टैक्स के रूप में जा रहे हैं।
देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन
तमिलनाडु : कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चेन्नई के कोयम्बेडु में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
मध्य प्रदेश : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन पार्टी नेता और राज्य के पूर्व सीएम कमलनाथ भी शामिल हुए। कमलनाथ ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने से हर वर्ग प्रभावित होता है, सब्जी के दाम बढ़ रहे हैं।
वहीं इंदौर शहर में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ सभी प्रमुख जगहों पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस महिला कार्यकार्यताओं समेत महिलाएं जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचीं। यहां उन्होंने गैस की टंकी और चूल्हे पर रोटी सेंकी और भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और ढोल मंजीरे बजाए।
इन्दौर: भाजपा कार्यालय पर कांग्रेस का बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन. महिलाओं ने चूल्हे पर रोटी सेंकी. देखें वीडियो… #IndoreNews #Congress #MpNews #PeoplesUpdate @nehajainjain pic.twitter.com/6pBZ1DarrX
— Peoples Samachar (@psamachar1) March 31, 2022
उत्तर प्रदेश : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से कानपुर में सब्जियों के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। एक विक्रेता ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से सब्जियों में करीब 20% दाम बढ़े हैं और माल भी कम आ रहा है। महंगाई की वजह से बिक्री भी नहीं हो रही है।
बेंगलुरु : कर्नाटक कांग्रेस ने ईंधन और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर लगी आग, 10 दिनों में 9वीं बार बढ़ी कीमत; जानें अब कितना महंगा हुआ