इंदौरभोपालमध्य प्रदेश

MP Corona: 24 घंटे में मिले 15 संक्रमित, भोपाल में फिर सबसे ज्यादा केस; किराना थोक बाजार में बिना दोनों डोज लगे नहीं मिलेगा सामान

मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 15 नए केस सामने आए हैं। 6 दिन में मध्यप्रदेश में कुल 88 केस मिले। इनमें अकेले भोपाल में ही सबसे ज्यादा 54 मामले मिले हैं। वहीं दूसरे नंबर पर इंदौर है। यहां पर 6 दिन में 22 केस सामने आ चुके हैं। एमपी के हॉटस्पॉट माने जाने वाले शहर इंदौर में बच्चे भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

यहां भी मिले पॉजिटिव

पिछले 24 घंटे के भीतर भोपाल में 8 केस मिले। वहीं, इंदौर में 3, ग्वालियर में 2, जबलपुर और शहडोल में 1-1 केस मिले हैं। इंदौर में कुल 40 केस एक्टिव हैं, जिसमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

बिना वैक्सीन नहीं मिलेगा सामान

भोपाल कोरोना का बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है। इस वजह से अब मास्क को लेकर सख्ती दिखाई जा रही है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बिना मास्क के घूमने पर 500 रुपए तक जुर्माना लगाने को कहा है। वहीं अब भोपाल के थोक किराना व्यापारियों ने बड़ा निर्णय लिया है। थोक किराना बाजार जुमेराती हनुमानगंज में ग्राहक को सामान खरीदने के लिए वैक्सीन के दोनों डोज लगवाना जरूरी कर दिया है। इतना ही नहीं अब बिना मास्क प्रवेश भी नहीं मिलेगा।

ये भी पढ़ें- MP देश का चौथा गरीब राज्य बना, नीति आयोग ने जारी की रिपोर्ट, जानें प्रदेश का सबसे ज्यादा गरीब जिला

प्रदेश में 134 एक्टिव केस

मध्यप्रदेश में एक्टिव केस भी बढ़ गए हैं। अब एक्टिव केस 134 हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में 9 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 205 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 543 ठीक हो गए। कोरोना की वजह से 10 हजार 528 लोग जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट 98.65% है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 0.02% है।

संबंधित खबरें...

Back to top button