
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बुधवार को घोषणा पत्र जारी कर दिया है। बता दें कि कांग्रेस ने ‘उन्नति विधान’ नाम से जन घोषणा पत्र जारी किया है। घोषणा पत्र में कांग्रेस ने कहा है कि वे यूपी में भी गोधन न्याय योजना शुरू करेगी। इसके पहले कांग्रेस ने युवाओं के लिए ‘युवा विधान’ और महिलाओं के लिए ‘शक्ति विधान’ घोषणा पत्र जारी किया था।
किसानों से किया ये वादा
घोषणा पत्र जारी करने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार किसानों से 2 रुपए किलो गोबर खरीदेगी। इसके अलावा आवारा पशु से होने वाले नुकसान पर 3 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
10 दिन में किसानों कर्जा माफ होगा
प्रियंका गांधी ने कहा कि सभी सुझाव उत्तर प्रदेश की जनता से लिए गए हैं। सत्ता में आने के बाद 10 दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली बिल माफ होंगे और कोविड प्रभावित परिवारों को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने दावा किया कि सरकार बनी तो 20 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
कांग्रेस ने किए ये बड़े वादे
- 2500 में गेंहू, धान और 400 में गन्ना खरीदा जाएगा।
- 40 फीसदी रोजगार महिलाओं को आरक्षण के तहत दिए जाएंगे।
- कोई भी बीमारी होगी तो 10 लाख तक का इलाज मुफ्त।
- मध्यम वर्ग को किफायती आवास देंगे।
- ग्राम प्रधान का वेतन 6 हजार रुपये प्रतिमाह बढ़ाएंगे।
- कोरोना के दौरान जान गंवाने वाले कोविड योद्धाओं को 50 लाख का मुआवजा मिलेगा।
- स्कूल फीस को बढ़ने से रोकेंगे।
- शिक्षकों के खाली 2 लाख पद भरे जाएंगे।
- कारिगरों, बुनकरों के लिए विधान परिषद में एक आरक्षित सीट।
- पूर्व सैनिकों के लिए विधान परिषद में एक सीट।
- पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को खत्म करेंगे।
- दिव्यांग लोगों के लिए 3 हजार का मासिक पेंशन।
- महिला पुलिसकर्मियों को उनके गृह जनपथ में पोस्टिंग की अनुमति देंगे।