दतिया जीत के बाद कांग्रेस की पहली PAC बैठक आज! नकुल नाथ पहली बार शामिल, जीतू-दिग्विजय-सिंघार समेत 25 नेता होंगे शामिल

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अब इस सफलता को आगे की राजनीति में बदलने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राजनीतिक मामलों की समिति यानी PAC की बैठक बुलाई गई है। दोपहर 12 बजे होने वाली इस बैठक में पार्टी के करीब 25 वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित कई बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।
दतिया की जीत से कांग्रेस में बढ़ा उत्साह
दतिया उपचुनाव में जीत कांग्रेस के लिए लंबे समय बाद उत्साह बढ़ाने वाला मौका मानी जा रही है। पार्टी अब यह समझने की कोशिश करेगी कि चुनाव के दौरान अपनाई गई रणनीति को दूसरे क्षेत्रों में किस तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। बैठक में दतिया के चुनावी अनुभव, संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर भी चर्चा होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: शराब के नशे में दोस्ती का कत्ल,चाकू से गोदकर साथी को उतारा मौत के घाट
संगठन को मजबूत करना सबसे बड़ा मुद्दा
PAC की बैठक में संगठन निर्माण अभियान को प्रमुखता दी जा सकती है। पार्टी की कोशिश बूथ स्तर तक संगठन को ज्यादा सक्रिय बनाने की है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर तालमेल पर भी बात होगी। कांग्रेस आने वाले समय में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
पहली बार PAC में शामिल होंगे नकुल नाथ
इस बैठक की एक खास बात नकुल नाथ की मौजूदगी होगी। जीतू पटवारी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद नकुल नाथ पहली बार PAC की बैठक में शामिल होंगे। इससे बैठक को लेकर राजनीतिक चर्चा भी तेज है। कुछ समय पहले कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। हालांकि बैठक में उनकी मौजूदगी को लेकर स्थिति पर सभी की नजर रहेगी।
दिग्विजय और उमंग सिंघार समेत बड़े नेता रहेंगे मौजूद
प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ चेहरे शामिल हैं। बैठक में दिग्विजय सिंह और उमंग सिंघार के अलावा जीतू पटवारी सहित अन्य प्रमुख नेताओं को भी बुलाया गया है।











