जुलाई की शुरुआत राहत के साथ,कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता; जानिए आपके शहर में क्या है नया रेट

नई दिल्ली। जुलाई महीने की शुरुआत कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 जुलाई से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती कर दी है। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 3,113 रुपए की बजाय 2,930 रुपए में मिलेगा। यानी एक सिलेंडर पर सीधे 183 रुपए की राहत दी गई है। हालांकि घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कई महीनों बाद कम हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां LPG सिलेंडर के नए दाम जारी करती हैं। पिछले कुछ महीनों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव, खासकर मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव की वजह से कमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगा हो रहा था। अब जुलाई में पहली बार राहत मिली है। साल 2026 में यह पहला मौका है, जब कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे-बड़े कारोबारियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
जनवरी से लगातार बढ़ रही थी कीमत
इस साल जनवरी में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत करीब 1,691 रुपए थी। इसके बाद लगभग हर महीने इसकी कीमत में इजाफा होता गया। मई में सिलेंडर पहली बार 3,000 रुपए के पार पहुंच गया था। जून में भी 42 रुपए की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,113.50 रुपए हो गई थी। अब जुलाई में 183 रुपए की कटौती के बाद कारोबारियों को कुछ राहत जरूर मिली है।
दिल्ली से पटना तक बदले नए रेट
नई दरों के अनुसार दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर अब 2,930 रुपए में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 3,255.50 रुपए से घटकर 3,081.50 हो गई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नया रेट ₹3,052.50 तय किया गया है, जबकि बिहार की राजधानी पटना में यह सिलेंडर अब 3,227 रुपए में मिलेगा। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की ओर से जारी नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू कर दी गई हैं।
ये भी पढ़ें: ऋषिकेश-इंदौर स्लीपर बस में टक्कर के बाद भीषण आग: 8 की मौत, 21 घायल,दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम पहले जैसे ही
जहां कमर्शियल सिलेंडर खरीदने वालों को राहत मिली है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार भी कोई फायदा नहीं मिला। 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपए, कोलकाता में 968 रुपए, मुंबई में 941.50 रुपए और चेन्नई में 957.50 रुपए में ही मिलेगा। यानी रसोई गैस की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति, कच्चे तेल की कीमत और अन्य आर्थिक कारकों को देखते हुए LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं। इस बार राहत सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर तक सीमित रही है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को अभी इंतजार करना होगा।












