
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने नेचुरल गैस की कीमत तय करने के नए फॉर्मूले को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 2014 की गाइडलाइन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नए फॉर्मूले से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और कॉम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। गैस की कीमत को इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड के इंडियन बास्केट से जोड़ दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया।
#Cabinet approves revised domestic gas pricing guidelines price of natural gas to be 10% of the monthly average of Indian Crude Basket, to be notified monthly. Move to ensure stable pricing in regime and provide adequate protection to producers from adverse market fluctuation . pic.twitter.com/m7vgunaj2O
— Office of Mr. Anurag Thakur (@Anurag_Office) April 6, 2023
10 फीसदी तक गिर जाएंगे दाम
डोमेस्टिक गैस की कीमतें तय करने की प्रक्रिया में बदलाव शनिवार से किया जाएगा। इससे PNG की कीमत में करीब 10% और CNG की कीमत 6% से 9% तक कम हो सकती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सीएनजी 5 से लेकर 8 रुपए प्रति किलो और पीएनजी 5 से लेकर 6 रुपए सस्ती हो जाएगी।
अब हर महीने तय होंगे दाम
सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि, घरेलू नेचुरल गैस की कीमत को अब अंतर्राष्ट्रीय हब गैस की जगह इंपोर्टेड क्रूड के साथ लिंक कर दिया गया है। घरेलू गैस की कीमत अब भारतीय क्रूड बास्केट के अंतर्राष्ट्रीय दाम का 10% होगा। इसे हर महीने सूचित किया जाएगा, जबकि अभी तक इनकी साल में दो बार समीक्षा होती थी। कीमतों में बदलाव 1 अप्रैल और 1 अक्टूबर को होता था।
नए फॉर्मूले से कंज्यूमर्स और प्रोड्यूसर्स को होगा फायदा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि, अभी गैस की कीमतें न्यू डोमेस्टिक गैस प्राइसिंग गाइडलाइन्स, 2014 के अनुसार तय की जाती है। नया फॉर्मूला कंज्यूमर्स और प्रोड्यूसर्स दोनों के हितों के बीच बैलेंस बनाएगा। नए फॉर्मूले से निधार्रित गैस प्राइस के लिए एक फ्लोर और सीलिंग भी होगी। प्रस्तावित फ्लोर 4 डॉलर का होगा। सरकार का तय नया फॉर्मूला मोटे तौर पर सरकारी कंपनी ONGC और आयल इंडिया की गैस पर लागू होगा।
CNG के पुराने और नए दाम
शहर | मौजूदा रेट | अनुमानित रेट्स | अंतर |
पुणे | 92 | 87 | 5 |
मुंबई | 87 | 79 | 8 |
दिल्ली | 79.56 | 73.59 | 6 |
बेंगलुरु | 89.5 | 83.5 | 6 |
मेरठ | 91 | 83 | 8 |
PNG के पुराने और नए दाम
शहर | मौजूदा रेट | अनुमानित रेट्स | अंतर |
पुणे | 57 | 52 | 5 |
मुंबई | 54 | 49 | 5 |
दिल्ली | 53.59 | 47.59 | 6 |
बेंगलुरु | 58.5 | 52 | 6.5 |
मेरठ | 58.5 | 52 | 6.5 |