
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पौधरोपण संकल्प को आज दो साल पूरे हो गए। सीएम ने इस अभियान की शुरुआत 19 फरवरी 2019 को अमरकंटक से की थी। दो सालों में सीएम ने 2140 पौधे रोपे हैं। राजाभोज एयरपोर्ट परिसर में तैयार किए जा रहे रामवन में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों के साथ सामूहिक पौधारोपण किया।
रामवन में मंत्रियों ने 740 पौधे लगाए
इस दौरान प्रदेश सरकार के तमाम मंत्रियों के अलावा भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, महापौर मालती राय समेत कई बड़े नेता व जिला प्रशासन व पुलिस के कई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। यहां अलग-अलग प्रजाति के 740 पौधे रोपे गए। रामवन मानव निर्मित सबसे बड़ा जंगल होगा, यहां 1 लाख 40 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। इस अवसर पर यहां मुख्यमंत्री शिवराज के पौधारोपण अभियान से जुड़ी तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री के पौधरोपण संकल्प के 2 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में ‘संकल्प के 2 वर्ष’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री #शिवराज_सिंह_चौहान के पौधरोपण के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित हुआ #पौधरोपण_कार्यक्रम। सभी मंत्रियों ने रोपे पौधे। 19 फरवरी 2019 को #अमरकंटक से शुरू किया था अभियान। अब तक रोप चुके हैं 2,140 पौधे।@ChouhanShivraj #PeoplesUpdate #OnePlantADay #OnePlantADay @vdsharmabjp pic.twitter.com/1WSHFtj0c5
— Peoples Samachar (@psamachar1) February 19, 2023
अमरकंटक से शुरू किया था अभियान
आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प को दो साल पूरे हुए हैं। 19 फरवरी 2021 को अमरकंटक में हमने इस अभियान को शुरू किया था। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग, क्लाइमेट चेंज से धरती को बचाना है तो हमें पौधरोपण करना पड़ेगा। उनके मन में विचार आया कि पौधरोपण के लिए जनता को प्रेरित भाषण से नहीं आचरण से करना है, इसलिए हमने प्रतिदिन पेड़ लगाने का संकल्प लिया है, जो निर्बाध रूप से जारी है।
जनभागीदारी से 67 लाख से अधिक पौधे रोपे
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनके इस संकल्प में जनभागीदारी से 67 लाख से अधिक पौधे अब तक लगाए जा चुके हैं। जन्मदिवस, घर के मंगल प्रसंग या अपने परिवार के सदस्यों की स्मृति में पौधरोपण करने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण से संकल्प को जुड़कर सहयोग किया। चौहान ने कहा कि पावन कार्य के लिए संकल्प मजबूत हो तो कोई भी बाधाएं है सामने नहीं टिक सकतीं। कोविड-19 के संकट काल में भी पौधरोपण का क्रम निर्बाध जारी रहा है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ सिर्फ हमें ऑक्सीजन, फल-फूल, छांव इत्यादि ही नहीं देता, बल्कि न जाने कितने पक्षियों, जीवों, कीट-पतंगों को आश्रय भी देता है।
अतिथियों द्वारा पौधरोपण होना संकल्प को मजबूत करता है : सीएम
जन्मदिन पर शॉल, श्रीफल, बुके, स्मृति चिह्न की क्या जरूरत है? जन्मदिन पर पौधे लगाने से बेहतर और क्या हो सकता है! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पर्यावरण संरक्षण का जो संकल्प लिया है, उसमें पौधरोपण के माध्यम से मध्यप्रदेश की बड़ी भूमिका होगी। मैंने मध्यप्रदेश के अलावा 12 राज्यों में पौधरोपण किया है। मध्य प्रदेश पधारने वाले अतिथियों द्वारा भी पौधरोपण होना पर्यावरण समस्या के संकल्प को मजबूत करता है। महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय मंत्रियों और विदेश से आए अतिथियों ने भी यहां पौधरोपण किया है।
37 लाख से ज्यादा पेड़ अंकुर अभियान में लगाए
सीएम ने कहा हमने अंकुर अभियान चलाया उसमें जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ पर पेड़ लगाकर उसकी फोटो लगातार अपलोड करो। ऐसे 15 लाख 89 हजार 340 लोगों द्वारा 37 लाख 10 हजार 192 पेड़ लगाए गए। आज आप लोगों को क्यू आर कोड दिए गए इससे आप पता कर सकते हैं कि आपके पेड़ की स्थिति क्या है। हमे पेड़ लगाना ही नहीं, बचाना भी है। मध्यप्रदेश में पौधरोपण का एक वृहद अभियान बन गया है। विकास यात्राएं भी पौधरोपण के साथ प्रारंभ हो रहीं हैं।
‘संकल्प के 2 वर्ष’ पुस्तिका का किया विमोचन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पौधरोपण संकल्प के दो वर्ष पूर्ण हो गए। रविवार को सीएम शिवराज ने पौधरोपण संकल्प के 2 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में ‘संकल्प के 2 वर्ष’ पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव सहित मंत्रिमंडल के सभी साथी उपस्थित रहे।