राष्ट्रीय

विस्तारा की फ्लाइट में इटली की महिला ने कपड़े उतारे, नशे की हालत में क्रू मेंबर के साथ की मारपीट

मुंबई। फ्लाइट में लगातार हंगामे और बदसलूकी खबरें सामने आ रही हैं। इस कड़ी में अबु धाबी से मुंबई आ रही विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट (यूके-256) में उस समय हंगामा मच गया, जब इटली की रहने वाली एक महिला ने फ्लाइट में कपड़े उतार दिए और इधर-उधर घूमने लगी। इतना ही नहीं, रोकने पर उसने क्रू मेंबर्स के साथ मारपीट भी की। मुंबई में फ्लाइट लैंड होते ही क्रू मेंबर की शिकायत पर महिला पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार की है।

एक क्रू मेंबर के मुंह पर मुक्का मारा, दूसरी पर थूका

पुलिस ने बताया कि इटली मूल की महिला का नाम पाओला पेरुशियो है। नशे की हालत में वह अपने सीट से उठकर बिजनेस क्लास की सीट पर बैठ गई तो क्रू मेंबर्स ने आपत्ति जताई। इस पर महिला ने एक क्रू मेंबर के मुंह पर मुक्का मार दिया, वहीं अन्य क्रू मेंबर ने महिला को रोकने की कोशिश की तो उस पर महिला ने थूक दिया और अपने कपड़े उतारकर फ्लाइट में घूमने लगी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ जांच पूरी करने के बाद चार्जशीट दाखिल की गई है। उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है, जिसके बाद महिला को जमानत दे दी गई है।

महिला को सीट से बांधा गया

महिला के इस व्यवहार से फ्लाइट में हंगामा मच गया। इसके बाद कैप्टन के निर्देश पर क्रू मेंबर ने महिला को पकड़ा और उसे कपड़े पहनाए। महिला को एक सीट से बांध दिया गया। इस मामले में विस्तारा एयरलाइन ने कहा कि महिला के हंगामा करने पर उससे शांत रहने की अपील की गई थी। बाकी पैसेंजर्स की सुरक्षा को देखते हुए उसे हंगामा न करने के लिए कहा गया, लेकिन वह हिंसक हो गई थी। इसके बाद फ्लाइट के लैंड होने पर तत्काल महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button