मां की डांट और बहन से नाराजगी बनी मौत की वजहकिशोरी ने खाया जहर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

इंदौर- बड़गोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चोरल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज मां की डांट और छोटी बहन से हुई कहासुनी के बाद 17 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान संगीता पिता भारत (17) निवासी ग्राम चोरल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन संगीता अपनी मां के साथ जंगल से लकड़ियां बीनकर घर लौटी थी। घर पहुंचने पर उसकी छोटी बहन परिवार के लिए रोटियां बना रही थी। इसी दौरान मां ने संगीता से बकरियों को चराने के लिए बाहर ले जाने को कहा। संगीता ने जाने से इनकार करते हुए कहा कि उसकी जगह छोटी बहन को भेज दिया जाए। इस पर मां ने समझाते हुए कहा कि छोटी बहन रसोई का काम कर रही है, इसलिए बकरियां उसे ही चराने ले जाना होगा।
और पढ़ें: MPPSC में भर्ती का ब्रेक, हजारों अभ्यर्थी इंतजार में,रिजल्ट आया, इंटरव्यू हुआ... फिर भी नौकरी नहीं!
गुस्से में साथ ले गई जहर की पुड़िया
मां की बात से नाराज संगीता गुस्से में आ गई। बताया जा रहा है कि वह घर में रखी जहरीले पदार्थ की पुड़िया चुपचाप अपने साथ लेकर बकरियां चराने निकल गई। घर से कुछ दूरी पर खेत में बकरियां चराते समय उसने आवेश में आकर जहर खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास के लोगों और परिजनों को इसकी जानकारी लगी तो उसे तत्काल घर लाया गया।
और पढ़ें: रायपुर के मिवान स्टील प्लांट में भीषण आग : कई फीट दूर तक उठी लपटें, कोई जनहानि नहीं
पहले झाड़-फूंक, फिर अस्पताल
परिजनों को शुरुआत में समझ नहीं आया कि संगीता ने जहर खाया है। वे उसे पहले झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। जब वहां उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि तब तक जहर शरीर में फैल चुका था। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान संगीता ने दम तोड़ दिया।












