अंतर्राष्ट्रीय

America में गन कल्चर का कहर… शिकागो में फ्रीडम डे परेड में हुई फायरिंग, 6 की मौत; आरोपी गिरफ्तार

अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर शिकागो में फ्रीडम डे परेड के दौरान फायरिंग हुई। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना इलेनॉय राज्य के हाईलैंड पार्क की है, यह शिकागो का एक उपनगर है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने घटना पर दुख जताया है।

परेड शुरू होने के 10 मिनट बाद हुई फायरिंग

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, परेड देखने के लिए सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए थे। लेकिन इसके शुरू होने के लगभग 10 मिनट बाद ही फायरिंग शुरू हो गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने को कहा है।

आरोपी गिरफ्तार

मास शूटिंग की घटना के एक आरोपी रॉबर्ट क्रिमो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 22 वर्ष के इस युवक को घण्टों की मशक्कत के बाद पकड़ा  गया है। एफबीआई समेत अन्य एजेंसियां इससे पूछताछ कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने एक स्टोर की छत से अंधाधुंध गोलियां चलाईं।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जताया दुख

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गोलीबारी पर दुख जताया। उन्होंने अमेरिका में ‘बंदूक हिंसा’ की ‘महामारी’ को समाप्त करने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। मालूम हो कि अमेरिका इस बार अपना 246वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।

अमेरिका में सात महीने में 309वीं बार मौत का तांडव

अमेरिका में सामूहिक गोलीबारी और हत्याकांड के आंकड़े तैयार करने वाली संस्था ‘द गन वॉयलेंस आर्काइव’ के मुताबिक, 2022 में अब तक 309 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इन सामूहिक हत्याकांडों में 0 से 11 साल के 179 बच्चों और 12 से 17 साल के 670 किशोरों की मौत हो चुकी है।

‘गन वायलेंस आर्काइव’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 2021 में 693 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हुई। 2019 में 417 जगहों पर ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया गया।

ये भी पढ़ें- America Gun Violence: फिर गोलीबारी से दहला अमेरिका… शिकागो के एक नाइट क्लब में फायरिंग, 2 की मौत

सात महीने में 15वां सामूहिक हत्याकांड

द गन वॉयलेंस आर्काइव के मुताबिक, 2022 में जनवरी से जुलाई तक 15 सामूहिक हत्याकांड हो चुके हैं। 2022 का अब तक का सबसे बड़ा हत्याकांड टेक्सास में हुआ था। यहां एक स्कूल में हुई गोलीबारी में 22 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें करीब 19 मासूम शामिल थे। वहीं 14 मई को न्यूयॉर्क की बफेलो की सुपरमार्केट में हुई गोलीबारी में 10 ब्लैक लोग मारे गए थे।

ये भी पढ़ें- Texas School Shooting: अमेरिका में बच्चों का कत्लेआम, छात्र ने स्कूल में की फायरिंग; 18 बच्चों समेत 21 की मौत

ये भी पढ़ें- Firing in New York: न्यूयॉर्क के सुपरमार्केट में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, 10 लोगों की मौत; हमलावर गिरफ्तार

संबंधित खबरें...

Back to top button