राष्ट्रीय

एकनाथ शिंदे का बड़ा फैसला: MLC के लिए उद्धव सरकार के भेजे गए 12 नाम लिए वापस; राज्यपाल ने दी मंजूरी

महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने विधानपरिषद के लिए उद्धव सरकार की तरफ से भेजे गए 12 विधायकों के नाम को वापस ले लिया है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने इसकी अनुमति दे दी है। यह लिस्ट 2020 में पिछली महाविकास अघाड़ी सरकार ने भेजी थी। शिंदे सरकार ने नामों को वापस लेते हुए राजभवन को सूचित किया कि वह इसके लिए एक नई सूची भेजेगी।

एमवीए सरकार की सूची में इन नेताओं का नाम था

उद्धव ठाकरे की ओर से राजभवन को भेजी गई सूची में शिवसेना कोटे से अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, विजय करंजकर, नितिन बानुगड़े पाटिल और चंद्रकांत रघुवंशी, राजू शेट्टी, एनसीपी कोटे से एकनाथ खडसे, यशपाल भिंगे व गायक आनंद शिंदे और कांग्रेस कोटे से रजनीताई पाटिल, अनिरुद्ध वांकर, सचिन सावंत, मुजफ्फर हुसैन के नाम शामिल थे।

इन्हें राज्यपाल कोटे के तहत महाराष्ट्र विधान परिषद में नामित किया जाना था। हालांकि राज्यपाल ने दो साल से अधिक समय पहले मिली इस सूची पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया।

ऐसे हो सकता है एमएलसी सीट का बंटवारा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब एमएलसी की सीटों का बंटवारा शिंदे गुट और भाजपा के बीच होगा। भाजपा को एमएलसी की 9 सीटें दी जा सकती हैं, जबकि शिंदे गुट के खाते में तीन सीटें जा सकती हैं। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिंदे गुट की ओर से चार सीटों का दावा किया जा रहा है।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button