छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा,रायपुर बना हॉटस्पॉट, एक्टिव केस में बड़ा उछाल

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। राजधानी रायपुर में एक्टिव केस की संख्या सबसे ज्यादा 50 पहुंच गई है। वहीं रायपुर जिले में कुल मामलों का आंकड़ा 127 से बढ़कर 146 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल अस्पतालों में भर्ती मरीजों की हालत सामान्य है और किसी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है।
राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा एक्टिव केस
छत्तीसगढ़ में बढ़ते स्वाइन फ्लू के बीच रायपुर सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बनकर सामने आया है। राजधानी में फिलहाल 50 एक्टिव केस बताए जा रहे हैं। वहीं रायपुर जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 146 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी नए मरीज सामने आ रहे हैं, जिससे संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: भिलाई में इंसानियत शर्मसार, गटर में मिला 2 दिन का नवजात, सफाई के दौरान मचा हड़कंप
क्यों रायपुर में सबसे ज्यादा मिल रहे मरीज?
मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी के मुताबिक रायपुर में एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस स्टैंड जैसे बड़े ट्रांजिट प्वाइंट हैं। प्रदेश के दूसरे हिस्सों और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होने के कारण यहां संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करने और तत्काल जांच कराने की अपील की है।
अस्पतालों में जांच की व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रायपुर के सभी प्रमुख अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल कलेक्शन की व्यवस्था उपलब्ध है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि लक्षण दिखने पर समय रहते जांच और उपचार संक्रमण के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, युवाओं को 500 करोड़ का स्टार्टअप मिशन, सरकारी कर्मचारियों की उम्र सीमा 45 साल
जनवरी से अब तक 298 पॉजिटिव मरीज
1 जनवरी 2026 से 8 सितंबर 2026 तक छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के कुल 298 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। उपलब्ध स्वास्थ्य विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इन जिलों में मिले नए मरीज
8 सितंबर तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार नए मामलों में रायपुर में 19 मरीज मिले हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 3, बलौदाबाजार में 2, बस्तर में 2, दुर्ग में 4, जांजगीर-चांपा में 1, कोंडागांव में 1, कोरबा में 3, महासमुंद में 2, मुंगेली में 1, राजनांदगांव में 2 और सरगुजा में 1 नया मरीज सामने आया है। इसके अलावा अन्य राज्यों से 5 पॉजिटिव मामले भी दर्ज किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: PU Special: CM के गृह जिले में विकास की खुली पोल, खेत-नाले का गंदा पानी पी रहे सरकारी स्कूल के मासूम
लक्षण दिखें तो न करें नजरअंदाज
स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर खुद से इलाज करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। खासकर बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, कमजोरी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर जांच कराने में देरी नहीं करनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए जारी प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।




















