
भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा ने प्रदेश के सभी जिलों में बूथ स्तर पर सामूहिक योग के आयोजन किए। भोपाल के लाल परेड मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए तीन बटालियनों से अनुलोम-विलोम करने आई सैनिकों की टोली बेरंग वापस लौट गई। सुबह के समय भोपाल में अचानक तेज बारिश होने के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। बटालियन के रंगरूट योगासन करने आकर्षक सफेद और नीले रंग के ट्रेक सूट पहनकर आए थे। काफी देर बसों में इंतजार करने के बाद ये सभी अपनी बटालियन लौट गए। भाजपा मुख्यालय में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल व प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने टीटी नगर में योग से स्वस्थ रहने का संदेश दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र पन्ना के जुगल किशोर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आव्हान पर आज 175 देशों ने योग को अपना लिया है। दुनिया के देशों ने हमारी भारतीय संस्कृति के प्रतीक योग को आत्मसात किया।
जामवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाई योग की महत्ता
भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक योगासन किया। उन्होंने योग से स्वस्थ रहने का संदेश भी दिया। टीटी नगर मैदान में संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मुनिश्री प्रमाण सागर महाराज से साथ कार्यक्रम में भाग लिया। इंदौर, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा और सतना सहित प्रदेश के अन्य शहरों और ग्रामीण अंचलों में भी सामूहिक योगासन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर आयोजनों में भाग लिया। पन्ना में प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आज पूरे विश्व में योग की यश-पताका फहरा रही है। आज पीएम मोदी के आह्वान पर कई देशों के लोग योग अपना चुके हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह एवं जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र मिश्रा भी मौजूद थे। राजधानी भोपाल में तेज बारिश होने के कारण लाल परेड मैदान के मुख्य कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा।
मंत्री शाह ने नहीं लगाया आसन, पैरों में थी तकलीफ
मंत्री विजय शाह ने खंडवा के कार्यक्रम में भाग लिया। लेकिन उन्होंने योगासन करने से यह कहते हुए मना कर दिया कि उनके पैरों में तकलीफ है। रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने , नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर, विश्वास सारंग ने विदिशा, प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुना, नरेंद्र शिवाजी पटेल ने रायसेन, कृष्णा गौर ने हरदा के कार्यक्रम में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को योग की महत्ता समझाई।
खजुराहो और सांची में भी
विश्व विरासत स्थल खजुराहो और सांची स्तूप परिसर से लेकर पचमढ़ी की वादियों में भी भाजपा सहित अन्य स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित किए। इनके अलावा एनसीसी कैडेट्स ने योगाभ्यास किया।
योग दिवस का आयोजन भारत के लिए
गौरव की बात: सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि विश्वभर में योग दिवस का आयोजन भारत के लिए गौरव की बात है। उन्होंने यह बात ग्वालियर जिला मुख्यालय पर आयोजित विश्व योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।