राष्ट्रीय

Parliament Budget Session Update : संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश, GDP 8-8.5% रहने का अनुमान; लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

सोमवार से संसद का बजट सत्र शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से हुई। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। फिलहाल लोकसभा की कार्यवाही कल (मंगलवार) सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। बता दें कि लोकसभा के बाद इकोनॉमिक सर्वे को राज्यसभा में पेश किया जाएगा। करीब 3.30 बजे इसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा।

कल पेश होगा मोदी सरकार का 10वां बजट

1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार का 10वां और अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगी। बताया जा रहा है कि 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले आने वाले इस बजट में लोगों को राहत दी जा सकती है। इस दौरान सभी की नजर इस बात पर होगी कि सरकार राजकोषीय मजबूती की कसौटी और लोक-लुभावन उपायों के बीच कैसे संतुलन स्थापित कर पाती है। आम तौर पर देश के कॉरपोरेट जगत को आम बजट में कुछ महत्वपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद है।

GDP 8-8.5% रहने की उम्मीद

वित्त वर्ष 2021-22 में देश की रियल जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 9.2% रखा है। ये आरबीआई के 9.5% के अनुमान से कुछ कम है। 1 अप्रैल से शुरू होने जा रहे वित्त वर्ष 2022-23 के लिए देश की अर्थव्यवस्था के 8-8.5% की दर से जीडीपी ग्रोथ हासिल करने का अनुमान है।

कृषि और इंडस्ट्रियल सेक्टर में ग्रोथ का अनुमान

जानकारी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2021-22 में कृषि सेक्टर की ग्रोथ का अनुमान 3.9% रखा गया है। वहीं इंडस्ट्रियल सेक्टर में 11.8% की ग्रोथ का अनुमान रखा गया है। इसके साथ ही सर्विस सेक्टर की ग्रोथ का अनुमान 8.2% रखा गया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दोनों सदनों को किया संबोधित।

राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू हुआ सत्र

संसद के बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से हुई। बता दें कि संसद के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कोरोना महामारी से लेकर कई योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उनके भाषण में किसानों, महिलाओं से लेकर तीन तलाक तक के मुद्दे शामिल रहे।

सत्र के दौरान होंगी 29 बैठकें

संसद के बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में 29 बैठकें होंगी। राज्यसभा सचिवालय से जारी बयान में कहा गया है कि बजट सत्र के पहले भाग में 31 जनवरी से 11 फरवरी के बीच 10 बैठकें होंगी। बता दें कि ये बैठकें 40 घंटे चलेंगी। वहीं दूसरे भाग में 14 मार्च से 8 अप्रैल के बीच 19 बैठकें होंगी। जिसकी अवधि 95 घंटों की होगी।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button