CG NEWSछत्तीसगढ़ में NEET-UG 2026 के लिए 127 परीक्षा केंद्र तैयार, एयरफोर्स पहुंचाएगी प्रश्नपत्र

RAIPUR। छत्तीसगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश के 19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयरफोर्स के माध्यम से जिलों तक पहुंचाई जाएंगी। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं।
मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की
मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: CG NEWS नगर निगम अफसरों पर भड़के अपर संचालक, विकास कार्यों में देरी पर लगाई फटकार
19 शहरों में बनाए गए 127 परीक्षा केंद्र
प्रदेशभर में NEET परीक्षा के लिए 19 शहरों में कुल 127 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की संभावना न रहे। प्रशासन ने केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।
एयरफोर्स के जरिए पहुंचेगा परीक्षा सामग्री
इस बार प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। परीक्षा सामग्री को एयरफोर्स की मदद से जिलों तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद जिला प्रशासन की निगरानी में इन्हें सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। हर जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जहां से परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: रजिस्ट्री घोटाले का खुलासा, 14 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी चोरी का आरोप में 452 लोगों को नोटिस जारी
योग दिवस के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा। ऐसे में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि योग दिवस के कार्यक्रमों का असर परीक्षा संचालन पर नहीं पड़ना चाहिए। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों पर ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
20 जून को होगी मॉकड्रिल
परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को प्रदेशभर में मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली और प्रशासनिक तैयारियों की अंतिम जांच करना है। मॉकड्रिल के जरिए संभावित चुनौतियों का आकलन कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।




















