Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मिडिल ईस्ट में जंग का असर!CBSE ने टालीं 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का सीधा असर भारतीय छात्रों की पढ़ाई पर पड़ा है। CBSE ने बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में होने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
CBSE ने टालीं 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध जैसे हालात का असर अब पढ़ाई पर भी दिखाई देने लगा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए Central Board of Secondary Education (CBSE) ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने 5 और 6 मार्च को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया है। यह फैसला खासतौर पर मध्य पूर्व के उन देशों के लिए लिया गया है, जहां हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। बोर्ड ने साफ कहा है कि छात्रों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है। 

    यह भी पढ़ें: Board Exams : CBSE 10वीं-12वीं की परीक्षाएं शुरू, पहले दिन Student बोले-Easy था Maths का पेपर  

    Uploaded media

    किन देशों में टली परीक्षा?

    CBSE ने जिन देशों में परीक्षाएं टाली हैं, उनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। इन देशों में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें: US-Israel Iran Conflict : रियाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला, ट्रंप बोले- ईरान पर सबसे बड़ा हमला अभी बाकी

    बोर्ड ने सभी स्कूलों को आधिकारिक पत्र भेजकर जानकारी दी है कि मौजूदा हालात को देखते हुए परीक्षा आयोजित करना सुरक्षित नहीं है। इससे पहले 2 मार्च की परीक्षा के बाद समीक्षा की बात कही गई थी। अब हालात को देखते हुए आगे की परीक्षाएं भी रोक दी गई हैं।

    200 से ज्यादा स्कूलों पर असर

    मिडिल ईस्ट में CBSE से जुड़े 200 से ज्यादा स्कूल संचालित होते हैं। विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार इन देशों में कुल 217 स्कूल हैं। सबसे अधिक 106 स्कूल UAE में हैं। इसके बाद सऊदी अरब में 37 और कुवैत में 26 स्कूल मौजूद हैं। इन सभी स्कूलों में हजारों छात्र 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा दे रहे हैं। तनाव बढ़ने के बाद कई जगह स्कूल पहले से बंद हैं। ऐसे में परीक्षाएं कराना संभव नहीं था।

    बोर्ड ने दी सख्त चेतावनी

    परीक्षाएं स्थगित होने की खबर के बीच सोशल मीडिया पर एक फर्जी सर्कुलर भी वायरल हो गया था। इसमें दावा किया गया था कि सभी बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।
    CBSE ने तुरंत स्पष्ट किया कि यह सूचना पूरी तरह गलत है। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना पर ही भरोसा करें। किसी भी अफवाह से बचें और घबराएं नहीं।

    छात्रों की चिंता और आगे की राह

    परीक्षा टलने से छात्रों की तैयारी की लय टूट सकती है। कई छात्र परीक्षा की तैयारी पूरी कर चुके थे और अब अनिश्चितता की स्थिति में हैं। अभिभावक भी नई तारीखों को लेकर इंतजार में हैं। बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे, नई तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा।

    अब सभी की नजर इस बात पर है कि मिडिल ईस्ट में हालात कब सामान्य होते हैं और बोर्ड नई परीक्षा तिथियों की घोषणा कब करता है। तब तक छात्रों को सलाह है कि तैयारी जारी रखें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

    Latest Posts