भोपाल में CGST का सुप्रिंटेंडेंट राजेश गुप्ता 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार, घर से मिले 72.5 लाख नकद

भोपाल। सीबीआई ने सेंट्रल जीएसटी (CGST) भोपाल में पदस्थ सुप्रिंटेंडेंट राजेश कुमार गुप्ता को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने जब सुप्रिंटेंडेंट के भोपाल और कानपुर स्थित घर की तलाशी ली तो 72.5 लाख रुपए कैश और महंगी प्रापर्टी के दस्तावेज जब्त हुए हैं।
वाहन चैकिंग नहीं करने के नाम पर मांगी रिश्वत
सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि सीजीएसटी के सुप्रिंटेंडेंट ने रिश्वत की यह राशि एक स्क्रैप कारोबारी से उसके वाहनों की चैंकिंग न करने के नाम पर ली थी। साथ ही स्क्रैप ले जा रहे वाहनों को नहीं रोकने और उसका बिजनेस चलने देने के नाम पर हर महीने 2 लाख रुपए रिश्वत देने की अड़ी डाली थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर रिश्वत मांग रहे सुप्रिंटेंडेंट गुप्ता को 2 लाख की राशि के साथ रंगे हाथ दबोच लिया।
ये भी पढ़ें: भोपाल में BSNL के दो इंजीनियरों को CBI ने डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत के साथ पकड़ा
भोपाल-कानपुर के घरों में तलाशी
सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद जब उसके भोपाल और कानपुर स्थित घर की तलाशी ली तो 72.5 लाख नकद और प्रॉपर्टीज के कागजात बरामद हुए हैं। सीबीआई अब उससे इतनी बड़ी रकम कहां से आई यह पूछताछ करने में जुटी है। विभागीय स्तर पर गुप्ता के साथ रिश्वतखोरी में शामिल अन्य स्टाफ की छानबीन भी शुरू हो गई है। सीबीआई गुप्ता के मोबाइल से काल डिटेल भी निकाल रही है।
ये भी पढ़ें: सुभाष चंद्रा के खिलाफ सीबीआई ने दर्ज की FIR, ₹1,322 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप




















