ग्वालियरमध्य प्रदेश

दतिया में हादसा : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरी, 4 लोगों की मौत; रतनगढ़ माता मंदिर से लौट रहे थे सभी

मध्यप्रदेश के दतिया जिले में सोमवार रात श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सिंध नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 18 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को दतिया और ग्वालियर के अस्पतालों में रेफर किया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग रतनगढ़ माता मंदिर में जवारे चढ़ाकर लौट रहे थे। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है।

जवारे चढ़ाकर लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी मुताबिक, भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के जाखोली बिंडवा गांव के कुशवाह परिवार और क्षेत्र के अन्य लोग माता के जवारे लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रतनगढ़ माता मंदिर गए थे। वहां, से सोमवार शाम करीब 7:30 बजे दबोह लौट रहे थे। तभी, रास्ते में सेवढ़ा सनकुआं सिंध नदी के पुराने छोटा पुल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े। कुछ समय बाद ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 28 लोग सवार थे।

हादसे में 4 लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय कुमार व सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस व प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर लोगों को निकाला। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इनमें ऊषा कुशवाह (25) पति जगत सिंह कुशवाह, कस्तूरी कुशवाह (40) पति चतुर्भुज कुशवाह ​और गब्बर कुशवाह (26) पिता बादशाह कुशवाह की मौत हो गई। घायलों को 11 एम्बुलेंस से दतिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इनमें सीता (38) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है। रात का समय होने से बचाव कार्य में दिक्‍कतों का भी सामना करना पड़ा।

सीएम ने हादसे पर जताया दुख

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस जगह ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरी, वह नदी के किनारे का स्थान था और वहां पानी नहीं था। अन्यथा कई और लोगों की जान जा सकती थीं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। रात का समय होने से मौके पर बचाव कार्य में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सिंध नदी पर बना यह पुल बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया था। यहां पुल पर चढ़ते समय वाहनों को झटका लगता है।

ये भी पढ़ें: भिंड-इटावा हाईवे पर हादसा : क्वांरी नदी में गिरा गिट्टी से भरा 22 चक्का ट्राला, बस को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button