क्रिकेटखेल

KKR vs MI IPL : कोलकाता ने मुंबई को 5 विकेट से हराया, कमिंस ने 15 गेंदों में 56 रन बनाकर रचा इतिहास

आईपीएल 2022 के 14वें मुकाबले में कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। जवाब में मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए। कोलकाता ने ये लक्ष्य 16 ओवर में हासिल कर लिया।

कोलकाता ने मुंबई को 5 विकेट से हराया

इस मैच में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य रखा। मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट गवांकर 161 रन बनाए, जिसमें सूर्यकुमार यादव का अर्धशतक शामिल था। 162 रन के जवाब में कोलकाता के लिए वेंकटेश अय्यर के साथ अजिंक्य रहाणे ने पारी का आगाज किया। हालांकि, रहाणे 7 रन बनाकर आउट हो गए। श्रेयस अय्यर भी जल्दी आउट हो गए। उन्होंंने 10 रन बनाए। तीसरे विकेट के तौर पर सैम बिलिंग्स (17) पवेलियन लौटे। नितीश राणा (8) चौथे विकेट के तौर पर आउट हुए। आंद्रे रसेल 11 रन बनाकर चलते बने। पैट कमिंस 15 गेंदों में 56 रन बनाकर नाबाद लौटे। वेंकटेश अय्यर ने 41 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए।

कोलकाता को 162 रन का लक्ष्य दिया

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए। सीजन का पहला मैच खेल रहे सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक जमाया। उन्होंने 36 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। उन्होंने मैच में ‘स्काई शॉट’ भी लगाया, जिससे फैन्स काफी एंटरटेन भी हुए। यह सूर्यकुमार के आईपीएल करियर का 14वां अर्धशतक रहा। इसके अलावा तिलक वर्मा ने 27 गेंदों पर 38 रन की नाबाद पारी खेली। अब कोलकाता को जीत के लिए 162 रनों की दरकार है।

सूर्यकुमार यादव हुए आउट

सूर्यकुमार यादव 36 गेंदों में 52 रन बनाकर 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। उनको पैट कमिंस ने सैम बिलिंग्स के हाथों कैच आुट कराया। केकेआर ने इसके लिए डीआरएस कॉल किया था, जिसमें अल्ट्राएज में स्पाइक देखने को मिला।

सूर्यकुमार यादव ने जड़ा अर्धशतक

आंद्रे रसेल के इस ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर सूर्यकुमार यादव ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। रसेल की चौथी गेंद पर तिलक वर्मा ने चौका लगाया। इस ओवर से दोनों बल्लेबाजों ने 9 रन बटोरे। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 138/3

मुंबई का स्कोर 100 के पार

वरुण चक्रवर्ती का यह ओवर काफी महंगा रहा। तिलक वर्मा ने पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाया। इसी के साथ मुंबई का स्कोर 100 के पार पहुंच गया और दोनों बल्लेबाजों के बीच 50 रनों की साझेदारी पूरी हो गई। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 115/3

मुंबई का तीसरा विकेट गिरा

पैट कमिंस ने इस ओवर में बढ़िया गेंदबाजी की। आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने ईशान किशन को 14 रनों के निजी स्कोर पर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच करा दिया। 11 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 55/3

मुंबई का स्कोर 50 के पार

ईशान किशन 14 और सूर्यकुमार यादव 7 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। मुंबई का स्कोर 50 के पार पहुंच चुका है। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 54/2

मुंबई को लगा दूसरा झटका

गेंदबाजी करने वरुण चक्रवर्ती को लगाया गया। ओवर की पहली गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस ने छक्का लगा दिया। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस को सैम बिलिंग्स ने स्टंपिंग कर पवेलियन भेज दिया। ब्रेविस ने 29 रनों का योगदान दिया। अब बल्लेबाजी करने सूर्यकुमार यादव आए हैं। 8 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 46/2

रोहित शर्मा 3 रन बनाकर आउट

पारी के तीसरे ओवर में उमेश यादव ने मुंबई इंडियंस को पहला झटका दिया। उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा को पवेलियन भेजा। रोहित 12 गेंदों पर तीन रन बना संके। अब बल्लेबाजी करने बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस आए हैं। वे इस मैच से आईपीएल में डेब्यू कर रहे हैं। 3 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 7/1

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस : ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, किरोन पोलार्ड, डेनियल सैम्स, डेवाल्ड ब्रेविस, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टाइमल मिल्स और बासिल थम्पी।

कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), नितीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, पैट कमिंस, उमेश यादव, रसिक सलाम और वरुण चक्रवर्ती।

कोलकाता ने जीता टॉस

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। मुंबई की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी।

हेड टू हेड रिकॉर्ड

आईपीएल के इतिहास में दोनों टीमें 29 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें मुंबई इंडियंस ने 22 बार जीत हासिल की है, जबकि कोलकाता ने 7 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। बता दें कि पिछले रिकॉर्ड के आधार पर मुंबई का पलड़ा भारी है। लेकिन इस सीजन में मुंबई का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है।

संबंधित खबरें...

Back to top button