इंदौरमध्य प्रदेश

MP News: बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलटी यात्री बस, एक की मौत, 10 से ज्यादा घायल

खंडवा। मध्य प्रदेश में आए दिन यात्री बसें हादसे का शिकार हो रही है। इसी बीच गुरुवार दोपहर को खंडवा में बड़ा हादसा हो गया। सनावद-कालमुखी रोड पर बाइक सवार दंपति को बचाने के चक्कर में यात्री बस पलट गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जेसीबी की मदद से उसका शव निकाला गया। वहीं 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

अनियंत्रित होकर पलटी बस

जानकारी के मुताबिक, बस खरगोन के सनावद से खंडवा के कालमुखी तक चलती है। इसी बीच सनावद-कालमुखी रोड पर बाइक सवार दंपति को बचाने के चक्कर में बस (एमपी-09-एफए-0988) का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि रजुर गांव निवासी बंसत यादव पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तभी बस की चपेट में आ गया। बस के नीचे दबने से उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला। हादसे में 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को सनावद के अस्पताल में भर्ती किया गया है।

मृत्यु भोज के कार्यक्रम से लौट रहे थे दंपति

हादसे की सूचना मिलते ही धनगांव व सनावद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया। टीआई विनोद दीक्षित के मुताबिक, बस में 35 यात्री सवार थे। इनमें एक यात्री की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, हादसे में मरने वाला बाइक सवार बसंत यादव (40) ग्राम रजूर (डूडगांव) का निवासी है। उसकी पत्नी ममता को खंडवा में भर्ती कराया गया है। रिश्तेदार की माताजी का निधन होने से गुरुवार को मृत्यु भोज के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। मृतक के चार बेटे-बेटियां हैं।

बस हादसे में ये हुए घायल

बस हादसे में गंभीर रूप से घायल होने वालों में संगीता बाई (35) पति राधेश्याम, सुखलाल (55) पिता सुखराम, कविता (27) पिता गणेश, बसुबाई (50) पति सुखलाल, नेहा (3) पिता नेपाल, सुभद्रा (36) पति भरत यादव, कमलेश (37) पिता यशवंत, सुंदरबाई (50) पति शिवलाल, सोनाबाई (50) पति रामदास और ममता (45) पति बसंत यादव शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: Indore News : बड़वानी से इंदौर आ रही यात्री बस का एक्सल टूटा, डिवाइडर पार कर बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button