
दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले की हालत नाजुक है। वे बीते कुछ दिनों से हॉस्पिटल में भर्ती हैं, इस वक्त उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उनकी बेटी ने यह जानकारी देते हुए पिता के निधन की खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पापा की कंडीशन अभी काफी क्रिटिकल है, सभी उनकी सलामती के लिए दुआएं करें।
आई थी निधन की खबर
दरअसल, बुधवार देर रात विक्रम गोखले के निधन की खबरें आई थीं। इसके बाद, सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाने लगीं। ऐसे में विक्रम गोखले की बेटी ने लोगों से रिक्वेस्ट की है कि वो एक्टर की हेल्थ को लेकर किसी भी तरह की अफवाह ना फैलाएं।
5 नवंबर से अस्पताल में भर्ती हैं अभिनेता
विक्रम गोखले की पत्नी ने बताया कि वह 5 नवंबर से दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा, “वह थोड़ा बेहतर हुए लेकिन फिर से उनकी तबीयत बहुत बिगड़ गई। उन्हें दिल और किडनी जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है। फिलहाल, उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।”
विक्रम गोखले की जर्नी
- विक्रम गोखले ने 26 साल की उम्र में साल 1971 में अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। उनकी पहली फिल्म बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन संग थी, जिसका नाम परवाना था।
- अभिनेता ने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में ऐश्वर्या राय के एक सख्त और पारंपरिक पिता की भूमिका निभाई थी।
- गोखले ने 1989 की फिल्म ‘सलीम लंगड़े पे मत रो’ में सलीम के पिता और 2019 के ‘मिशन मंगल’ में इसरो के निदेशक की भूमिका निभाई।
- अभिनेता ने अमिताभ बच्चन के साथ अग्निपथ (1990) और खुदा गवाह (1992) में भी स्क्रीन शेयर की।
उनकी अन्य प्रमुख फिल्मों में ‘भूल भुलैया’, ‘ट्रैफिक’, ‘हिचकी’ और ‘अब तक छप्पन’ शामिल हैं। उनकी मराठी फिल्मों में ‘आमी बोलातो मराठी’, ‘लपंडाव’, ‘कलात नकलत’, ‘गोदावरी’, ‘एबी आनी सीडी’, ‘प्रवास’ और ‘नटसम्राट’ शामिल हैं। उन्होंने मराठी फिल्म ‘आघाट’ में अभिनय और निर्देशन भी किया।
संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से नवाजा गया था
2011 में विक्रम गोखले को थिएटर में काम करने के लिए संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। 2013 में उन्हें मराठी फिल्म ‘अनुमति’ के लिए 60वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड से नवाजा गया था।