
अररिया। बिहार के अररिया में पत्रकार विमल यादव हत्याकांड मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पत्रकार विमल यादव के पिता ने इस मामले में 8 लोगों पर नामजद FIR दर्ज करवाई थी। पूर्णिया प्रमंडल के IG सुरेश चौधरी के मुताबिक, 4 अलग-अलग टीमें इस मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही हैं। 18 अगस्त की सुबह 5 बजे चार बदमाशों ने पत्रकार विमल की गोली मारकर हत्य कर दी थी।
दैनिक जागरण के पत्रकार विमल कुमार यादव हत्याकांड का #BiharPolice द्वारा सफल उद्भेदन ! हत्याकांड में नामजद 8 अभियुक्तों में से 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष 4 अभियुक्तों में से 2 अभियुक्त पूर्व से ही न्यायिक हिरासत में हैं I जिन्हें विधिवत रिमांड ..(1/2)@ArariaP
— Bihar Police (@bihar_police) August 19, 2023
गेट खोलते ही मार दी गोली
जानकारी के मुताबिक, मामला अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र है। बेलसरा के हीरो शोरूम के पीछे स्थित विमल कुमार यादव के घर 18 अगस्त सुबह करीब साढ़े 5 बजे चारों आरोपी आए। बदमाशों ने गेट के बाहर से विमल भैया कहकर आवाज लगाई। जैसे ही उन्होंने गेट खोला, अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पत्नी की आवाज सुनकर आए लोग
विमल को गोली लगने के बाद उनकी पत्नी ने चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जिसके बाद लोगों की सूचना पर रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में विमल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पत्रकार विमल का 15 साल का बेटा और 13 साल की बेटी है।
पुरानी रंजिश के चलते हुई हत्या
पुलिस के मुताबिक, सीने पर दाएं साइड में एक गोली मारी गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। एफएसएल की टीम बुलाई गई है। जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की बात सामने आ रही है।
पांच साल पहले भाई की हुई थी हत्या
मृतक की पत्नी के मुताबिक, दो साल पहले उनके देवर गप्पू यादव की भी बदमाशों ने इसी तरह हत्या कर दी थी। इस मामले में उनके पति विमल कुमार यादव मुख्य गवाह थे। केस ट्रायल पर कोर्ट में चल रहा था और बदमाशों द्वारा लगातार गवाही नहीं देने का दबाव बनाया जा रहा था। मृत पत्रकार विमल यादव को भी कुछ महीने पहले से गोली मार देने की धमकी मिल रही थी।
परिजनों का कहना है कि जिसने गब्बू यादव की हत्या करवाई, उसने ही विमल की हत्या की सुपारी दी है। आरोपी को डर था कि, गवाही के बाद उसे उम्रकैद की सजा हो जाएगी। उनके मुताबिक, सुपौल जेल में बंद रूपेश ने ही हत्या की साजिश रची है। उसने जेल से ही हत्या की सुपारी दी है।