तस्करी पर शिकंजा :मंदसौर में 40 करोड़ की ब्राउन शुगर पकड़ी, महिला समेत 5 गिरफ्तार

मंदसौर। मंदसौर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। अंतरराज्यीय स्तर पर इसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस को मुखबिर ने दी सूचना
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि नई आबादी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त होने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया गया और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इंदौर से हेमंत वर्मा और मोना सेन एस-क्रॉस कार में मंदसौर पहुंचे थे। वहीं राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले से राहुल मीणा, सुभाष उर्फ पिंटू गुर्जर और जितेंद्र उर्फ कारू मीणा एक क्रेटा वाहन में ब्राउन शुगर लेकर आए थे। पुलिस लगातार दोनों पक्षों पर नजर बनाए हुए थी।
ये भी पढ़ें: मप्र की शान : रायसेन की बेटी ने एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, अंजना यादव ने रचा इतिहास
घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका
बताया गया कि मंदसौर में दोनों पक्षों के बीच सौदा तय होने के बाद मादक पदार्थ इंदौर के आरोपियों को सौंप दिया गया। इसके बाद क्रेटा वाहन में सवार दो लोग एस-क्रॉस कार में बैठ गए, जबकि क्रेटा कार आगे चलकर एस-क्रॉस को सुरक्षित तरीके से जिले की सीमा से बाहर निकालने की तैयारी में थी। इसी दौरान नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान एस-क्रॉस कार से करीब 20 किलो ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामद माल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 40 करोड़ रुपए आंकी गई है।
नेटवर्क से जुड़ा अजीज उर्फ एजाज फरार
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हेमंत वर्मा, मोना सेन, राहुल मीणा, सुभाष उर्फ पिंटू गुर्जर और जितेंद्र उर्फ कारू मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस नेटवर्क से जुड़ा अजीज उर्फ एजाज नामक आरोपी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए राजस्थान सहित अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: शहडोल : मां ने तीन बेटियों संग खाया जहर, कुएं में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत












